नई दिल्ली: भारत और England के बीच खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 (India-England Test Series) की बराबरी पर समाप्त हुई। कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की जोड़ी से उम्मीद थी कि 2007 के बाद पहली बार भारत इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीत पाएगा, लेकिन यह सपना इस बार भी अधूरा रह गया। लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रन से मिली हार ने निर्णायक बढ़त हासिल करने का मौका छीन लिया।
गंभीर की रणनीति पर उठे सवाल
सीरीज के बाद गंभीर की कोचिंग पर आलोचना तेज हो गई। अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Easwaran) को मौका न देने और खराब फॉर्म में भी करुण नायर (Karun Nair) और साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) पर भरोसा करने को लेकर क्रिकेट प्रेमियों ने सवाल उठाए। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (New Zealand-Australia) में टेस्ट हार के बाद इंग्लैंड में भी सीरीज जीत न पाना गंभीर के टेस्ट कोचिंग कार्यकाल के खिलाफ माहौल बना रहा है।
टिम नीलसन को मिली बड़ी जिम्मेदारी
इसी बीच ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट से एक अहम खबर आई है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच और अनुभवी क्रिकेटर टिम नीलसन (Tim Nielsen) को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भारत अंडर-19 के खिलाफ अगले महीने होने वाली घरेलू सीरीज से पहले की गई है। यह सीरीज ब्रिस्बेन और मैके में 21 सितंबर से शुरू होगी, जिसमें 3 वनडे और 2 मल्टी-डे मैच खेले जाएंगे।
अंडर-19 विश्व कप से पहले अहम भूमिका
अगला अंडर-19 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। नीलसन का ध्यान युवा टीम की कमजोरियों को दूर करने और टूर्नामेंट से पहले मजबूत तैयारी करने पर होगा।
लंबा कोचिंग और खेल अनुभव
टिम नीलसन 2007 से 2011 तक ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम के हेड कोच रह चुके हैं और जॉन बुकानन के सहायक कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और ऑस्ट्रेलिया A टीम के साथ भी कोचिंग दी है। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए 101 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें 4,346 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं।



