नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और NCR में शनिवार शाम से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों जैसे उत्तर दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली और मध्य दिल्ली में बहुत भारी बारिश, बिजली गिरने और गरज के साथ तूफान की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
सुबह-सुबह तेज बारिश के बाद पंचकुइन मार्ग, मिंटो रोड, मथुरा रोड और भारत मंडपम के गेट नंबर 7 सहित कई स्थानों पर पानी भर गया। शास्त्री भवन, आर.के. पुरम, मोती बाग और किदवई नगर जैसे क्षेत्रों में भी जलभराव के चलते यातायात बाधित हो गया हैं।
बारिश से प्रभावित प्रमुख इलाके
- पंचकुइन मार्ग
- मिंटो रोड
- मथुरा रोड
- भारत मंडपम, गेट नंबर 7
- शास्त्री भवन
- आर.के. पुरम
- मोती बाग
- किदवई नगर
एनसीआर और आस-पास के राज्यों में भी अलर्ट
दिल्ली के साथ गाज़ियाबाद में रेड अलर्ट, जबकि गौतमबुद्धनगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वही हरियाणा के पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जहां मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना बताई गई है।
मौसम का अनुमान
आईएमडी (IMD) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल रहेंगे और दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में भी खतरे का संकेत
राजधानी के आलावा बारिश का असर पड़ोसी राज्यों में भी देखा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहां भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
- इसको भी पढ़ें: Delhi Metro: मैजेंटा और पिंक लाइन पर बिना चालक चलेगी ट्रेन
IMD का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने X (ट्विटर) पर चेतावनी दी है कि दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं गोहाना, सोनीपत, रोहतक, सोहाना, पलवल, नूंह और औरंगाबाद समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।



