नई दिल्ली: दिल्ली में पार्किंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने एक शख्स की जान ले ली। मृतक की पहचान 42 वर्षीय आसिफ के रूप में हुई है, जो बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई थे। यह घटना राजधानी के एक इलाके में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। परिवार का आरोप है कि यह अचानक हुआ मर्डर नहीं, बल्कि पहले से चली आ रही रंजिश का नतीजा है।
कैसे हुई घटना
आसिफ की पत्नी ने बताया कि रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच उनके पति घर के बाहर खड़े थे. तभी पड़ोस के एक युवक ने अपनी स्कूटी उनके गेट के सामने खड़ी कर दी, जिससे रास्ता रुक गया। आसिफ ने युवक से विनम्रता से कहा कि स्कूटी को थोड़ा आगे कर दे ताकि रास्ता खुला रहे।
इस बात पर युवक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। आसिफ की पत्नी के मुताबिक, युवक ने धमकी दी और चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद अपने भाई के साथ वापस आया। दोनों ने मिलकर आसिफ पर हमला कर दिया और एक नुकीले हथियार से उनके सीने में वार किया। आसिफ की पत्नी की आंखों के सामने ही खून बहने लगा और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश का आरोप
मृतक के भाई जावेद ने बताया कि हमलावर पहले भी आसिफ से इसी बात पर कई बार झगड़ चुके थे। उन्होंने पुलिस में शिकायत इसलिए नहीं की थी, ताकि मामला न बढ़े। आसिफ के चाचा सलीम कुरैशी ने भी दावा किया कि यह हमला सुनियोजित था।उनके मुताबिक, पिछले साल भी इन लोगों ने आसिफ पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन तब पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर दिया था। इस बार, आरोपियों ने मौका देखकर आसिफ पर हमला किया और उनकी जान ले ली।
परिवार और पड़ोसियों की मांग
परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों का कहना है कि आसिफ एक शांत और मिलनसार व्यक्ति थे. वह चिकन सप्लाई का काम करते थे और मेहनत से अपने परिवार का गुजारा चलाते थे। उनकी पत्नी ने रोते हुए कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि किसी और का घर इस तरह न उजड़े। पड़ोसियों का भी कहना है कि अगर पहले हुई शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
- इसको भी पढ़ें: लापता बच्चों की तलाश में लापरवाही, पुलिस मुख्यालय हुआ सख्त
पुलिस की कार्रवा
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना भी शुरू कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में दो आरोपी शामिल थे, जो उसी गली में आसिफ के घर से कुछ दूरी पर रहते थे। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।परिवार और स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे और उन्हें सख्त सजा दिलाए।यह घटना दिल्ली में पार्किंग जैसे छोटे विवादों को लेकर बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को दिखाती है।



