गयाजी: पीएम नरेंद्र मोदी इसी महीने एक बार फिर बिहार के दौरे पर होंगे। 22 अगस्त, शुक्रवार वह गयाजी के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के पाली गांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें वह बिहार से जुड़ी कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। उनके साथ मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई केंद्रीय व राज्य मंत्री मौजूद रहेंगे। यह दौरा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के संदर्भ में राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
कौन-कौन सी सौगातें मिल सकती हैं
जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार पीएम मोदी गयाजी और आसपास के क्षेत्रों के लिए सड़क, रेलवे, सिंचाई, पेयजल आपूर्ति, ट्रांसपोर्ट और पर्यटन से जुड़ी कई विकास योजनाओं की आधारशिला रख सकते हैं। वहीं, गया-बोधगया जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और बौद्ध स्थलों से संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स भी घोषित किए जा सकते हैं। इनसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को विशेष बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सभा स्थल को लेकर तैयारियां जोरों पर
पीएम मोदी की जनसभा पाली गांव में संभावित है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। जिले के आला प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और राजनीतिक कार्यकर्ता सभा स्थल की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और जन पहुंच प्रबंधन के मामलों में सक्रिय हैं। क्षेत्र में सड़क मरम्मत, बिजली और संचार व्यवस्था को लेकर काम तेज कर दिया गया है।
हर महीने बिहार में पीएम की मौजूदगी
प्रधानमंत्री का यह दौरा इस वर्ष का अब तक का छठां बिहार दौरा होगा। चुनावी साल होने के कारण वे हर महीने राज्य के किसी न किसी भाग में जनसभा को संबोधित करते रहे हैं। इससे पहले फरवरी, 2025, अप्रैल 2025 – झंझारपुर (मधुबनी), मई 2025 – बिक्रमगंज (रोहतास), जून 2025 – सीवान, जुलाई 2025 – मोतिहारीइन सभी दौरों में प्रधानमंत्री ने बिहार को हजारों करोड़ की परियोजनाएं समर्पित की थीं और आगामी योजनाओं की झलक जनता के सामने रखी थी।
पिछली यात्राओं की झलक
पिछले महीने मोतिहारी में पीएम मोदी ने लगभग 7200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था, जिनमें रेलवे, रोड नेटवर्क, शिक्षा, और टेक्नोलॉजी पार्क जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स शामिल थे। साथ ही उन्होंने 4 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को वर्चुअल हरी झंडी भी दिखाई थी, जिनमें से कुछ ट्रेनें पटना और मोतिहारी को दिल्ली से जोड़ती हैं।
चुनावी रणनीति के तहत यात्रा
बिहार में अक्टूबर या नवंबर 2025 में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के दौरान लगातार राज्य में आकर जनसभाएं करना राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में NDA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है, और पीएम मोदी के दौरे पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और जनता को सरकार के कामकाज से जोड़ने की रणनीति का हिस्सा हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 22 अगस्त को गया जिले में होने वाला दौरा विकास से लेकर चुनावी समीकरणों तक, हर दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण है। उनके इस दौरे में घोषित होने वाली परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को गति देंगी तो वहीं आगामी चुनावों के लिए राजनीतिक तापमान भी बढ़ा सकती हैं। गया जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के जिले में यह सभा प्रतीक बन सकती है ‘विकास’ और ‘विश्वास’ के संदेश की।



