पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख तेजस्वी यादव के मामा और पूर्व सांसद साधु यादव ने उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनने के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी है। साधु यादव ने तेजस्वी को कुछ मौजूदा साथियों से दूरी बनाने और जनता के बीच ज्यादा समय बिताने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि राजनीति में सफलता के लिए सिर्फ चेहरा ही काफी नहीं है, बल्कि सही रणनीति और मजबूत वोट बैंक भी बहुत जरूरी है।
सीटों का समीकरण और RJD की रणनीति
साधु यादव ने चुनाव के समीकरण पर भी अपनी राय रखी।उन्होंने कहा कि RJD के पास पहले से ही 33% वोट हैं, और अगर पार्टी इसे बढ़ाकर 38% तक ले जाए तो सत्ता में वापसी संभव है। वहीं, उन्होंने यह भी बताया कि अगर NDA 40-41% वोट हासिल करता है, तो उसके लिए सरकार बनाना आसान हो जाएगा। इससे यह साफ है कि सत्ता की राह वोट शेयर पर बहुत निर्भर करती है।
SIR प्रक्रिया पर विपक्ष की आलोचना को बताया गलत
बिहार में चल रही SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की आलोचना पर साधु यादव ने असहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग की नीति के तहत हो रही है। इस प्रक्रिया में 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। साधु यादव ने बताया कि जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज हैं, उनके नाम सूची में रहेंगे और जिनके पास नहीं हैं, उनके नाम हटाए गए हैं लेकिन, सही दस्तावेज दिखाने पर नाम दोबारा जोड़ा जा सकता है।
फर्जी और बाहरी लोगों को हटाने का समर्थन
साधु यादव ने SIR प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य फर्जी और बाहरी लोगों को मतदाता सूची से बाहर करना है। उन्होंने खासकर उन लोगों का जिक्र किया जो दूसरे देशों से आए हैं या प्रवासी मजदूर हैं जिनके पास पहचान के जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। साधु यादव ने इस प्रक्रिया को सही और आवश्यक बताया ताकि मतदाता सूची पूरी तरह से साफ और सटीक बन सके।
यह भी पढ़े: तेजस्वी यादव के दो वोटर कार्ड, सियासी बवाल



