खगडिया: बिहार के खगडिय़ा जिले में एक सनसनीखेज और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां पुत्र के जन्म के छठी समारोह में न्योता नहीं देने के कारण एक व्यक्ति ने अपने ही पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात की है।
होली में गुलाल लगाने पर विवाद हुआ
पुलिस के अनुसार, गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरचकला पंचायत के वार्ड 10 फुदकीचक पतरौन गांव में कुछ दिन पूर्व कन्हैया महतो की पत्नी ने एक पुत्र को जन्म दिया था। परिवार पुत्र की छठी का समारोह धूमधाम से मना रहा था। किसी कारणवश परिवार ने पड़ोस में रहने वाले जिच्छु मंडल को इस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण नहीं दिया था। इससे जिच्छु नाराज था। परिजन के अनुसार पड़ोस के ही जिच्छु मंडल से होली में गुलाल लगाने पर कन्हैया से विवाद हुआ था। इस कारण दोनों में अनबन थी।
रंजिश में मारी गोली
शुक्रवार को कन्हैया महतो के घर पुत्र जन्म पर छठी का भोज था। भोज में आरोपी जिच्छु मंडल के परिवार को निमंत्रण नहीं दिया गया था। शाम को कन्हैया गांव में घूम-घूमकर पड़ोस के लोगों को भोज में शामिल होने का निमंत्रण दे रहा था। गांव वालों को निमंत्रण देने के दौरान दोनों परिवारों के बीच कहासुनी बढ़ गई की दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद 112 नंबर की पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने मामला शांत कराया। मारपीट में कन्हैया एवं उसके परिवार के कुछ लोग जख्मी हो गए। जख्मी लोग अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराकर घर लौट रहे थे कि पतरौन गांव में ही पड़ोसी बदमाश जिच्छु मंडल ने कन्हैया महतो के सीने में कट्टा से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल कन्हैया को अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी गोगरी थानाध्यक्ष अजीत कुमार को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोवरी में रख दिया। बाद में छापेमारी कर जिच्छु मंडल को देशी पिस्तौल एवं बिन्दोलिया में रखे 16 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की है।
यह भी पढ़े:



