नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अंडरग्रेजुएट दाखिले के लिए कॉमन सीट अलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2025 के तहत तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस राउंड में अपग्रेडेशन, मिड-एंट्री और सीट कन्फर्मेशन से जुड़ी अहम तारीखें जारी की गई हैं। जिन छात्रों ने पहले और दूसरे राउंड में दाखिला लिया है, वे अब अपने उच्च विकल्पों के आधार पर सीट अपग्रेड करवा सकते हैं।
सीट अपग्रेडेशन और विकल्प बदलाव की विंडो
पहले और दूसरे राउंड में दाखिला ले चुके सभी उम्मीदवार 2 अगस्त को शाम 5 बजे से लेकर 3 अगस्त को शाम 4:59 बजे तक अपने विकल्पों के आधार पर सीट अपग्रेडेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। अपग्रेडेड अलॉटमेंट का परिणाम 5 अगस्त शाम 5 बजे घोषित होगा और इसे ऑटो-एक्सेप्ट माना जाएगा। कॉलेजों को इन आवेदनों को 6 अगस्त शाम 4:59 बजे तक ऑनलाइन वेरिफाई और अप्रूव करना होगा। उम्मीदवारों को 7 अगस्त शाम 4:59 बजे तक एडमिशन फीस जमा करनी होगी।
मिड-एंट्री विकल्प
खाली सीटों की लिस्ट 8 अगस्त शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 8 अगस्त शाम 5 बजे से लेकर 10 अगस्त शाम 4:59 बजे तक मिड-एंट्री की सुविधा खुलेगी। यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्होंने फेज 1 में आवेदन नहीं किया या फेज 2 पूरा नहीं कर सके। इसके लिए ₹1,000 की नॉन-रिफंडेबल फीस देनी होगी।जो छात्र पहले दो राउंड में मैपिंग एरर या योग्यता संबंधी वजहों से रिजेक्ट हुए थे, उन्हें इस अवधि में अपने विकल्प बदलने की अनुमति होगी। 10 अगस्त शाम 4:59 बजे तक जमा की गई प्राथमिकताएं ही तीसरे राउंड के लिए मान्य होंगी।
तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया
तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट 13 अगस्त शाम 5 बजे घोषित की जाएगी। इसमें रेगुलर सीटों के साथ CW (चिल्ड्रन ऑफ वार विंडो), ECA (एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी) और स्पोर्ट्स कोटा शामिल होगा। CW, ECA और स्पोर्ट्स कोटे का राउंड 1 रिजल्ट 15 अगस्त को जारी होगा।उम्मीदवारों को 13 अगस्त से 17 अगस्त तक अपनी अलॉट की गई सीट “एक्सेप्ट” करनी होगी। कॉलेज 18 अगस्त तक आवेदनों की वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करेंगे। तीसरे राउंड के लिए एडमिशन फीस जमा करने की अंतिम तिथि 19 अगस्त शाम 4:59 बजे है।
नोट:
DU ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट्स चेक करते रहें। 10 अगस्त से पहले दिए गए डेटा या विकल्पों को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।



