नई दिल्ली: आईपीएल (IPL) के अगले सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) ने बड़ा फैसला लेते हुए मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित (Chandrakant Pandit) को पद से हटा दिया है। टीम के मालिक शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के नेतृत्व में यह बदलाव आईपीएल 2025 (IPL 2025) में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद किया गया है। कोलकाता की टीम पिछले सीजन में महज 5 मुकाबलों में जीत दर्ज कर पाई थी और पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर रही थी।
कौन होगा अगला KKR Head Coach?
इस अहम पद के लिए अब सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं अभिषेक नायर (Abhishek Nayar)। नायर फिलहाल KKR के साथ सहायक कोच (Assistant Coach) के रूप में जुड़े हुए हैं और उनका टीम के साथ लंबा जुड़ाव रहा है। 2018 से लेकर 2024 तक वे कोलकाता की कोचिंग टीम का हिस्सा रहे हैं। IPL 2024 के बाद उन्होंने अस्थायी तौर पर टीम से विदाई ली थी, लेकिन IPL 2025 के दौरान फिर से कोचिंग स्टाफ में शामिल हो चुके हैं।
BCCI से बाहर, KKR में वापसी
IPL 2024 के बाद अभिषेक नायर को टीम इंडिया के सहायक कोच (India Assistant Coach) के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बल्लेबाजी क्रम के खराब प्रदर्शन के चलते BCCI ने उन्हें उस पद से हटा दिया। इसके बाद उन्होंने IPL में KKR की टीम के साथ दोबारा जुड़ने का निर्णय लिया।
KKR में रहा है शानदार रिकॉर्ड
नायर के कोचिंग कार्यकाल में KKR ने दो बार फाइनल तक का सफर तय किया-एक बार 2021 में और फिर 2024 में। उनके अनुभव और रणनीतिक सोच को देखते हुए KKR मैनेजमेंट उन्हें मुख्य कोच (KKR Head Coach 2025) बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
खिलाड़ियों के बीच है मजबूत पकड़
अभिषेक नायर की टीम के खिलाड़ियों के साथ जबरदस्त ट्यूनिंग है। वेंकटेश अय्यर (Venkatesh Iyer), रिंकू सिंह (Rinku Singh) और अंगकृष रघुवंशी (Angkrish Raghuvanshi) जैसे युवा खिलाड़ियों ने कई बार उनके मार्गदर्शन की तारीफ की है। नायर को इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार का श्रेय दिया जाता है।
अन्य लीग्स में भी कोचिंग का अनुभव
नायर न केवल KKR से जुड़े रहे हैं, बल्कि वह कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) की टीम Trinbago Knight Riders (TKR) के भी मुख्य कोच रह चुके हैं। साथ ही, उन्हें हाल ही में महिला प्रीमियर लीग (WPL) की टीम UP Warriorz का हेड कोच नियुक्त किया गया है।



