नई दिल्ली: लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चल रही चर्चा में हिस्सा लेते हुए मंगलवार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद व पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल देश के पूर्व गृह मंत्री ने सवाल उठाया था कि क्या ये आतंकी पाकिस्तान से आए थे। उन्होंने कहा कि हमारे पास सारे सबूत है कि ये तीनों पाकिस्तानी थे। पहचान यूं हुई कि तीन में से दो आतंकियों के पाकिस्तानी वोटर नंबर भी उपलब्ध हैं, राइफलें भी उपलब्ध हैं, इनके पास से मिली चॉकलेट्स भी पाक की बनी हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के सामने देश का पूर्व गृह मंत्री पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहा है और ऐसा कर ये सवाल भी खड़ा कर रहे हैं कि हमने पाकिस्तान पर हमला क्यों किया था। अमित शाह ने कहा कि पूरी दुनिया ने, जहां जहां हमारे सांसद गए थे, यह स्वीकारा है कि पहलगाम आतंकी हमला पाकिस्तान ने किया था। देश के पूर्व गृह मंत्री इस बात का सबूत मांगते हैं लेकिन पाकिस्तान को बचाने का इनके इस षड्यंत्र को आज देश की 140 करोड़ जनता जान गई है।
Speaking in the Lok Sabha during Special Discussion on India’s strong, successful and decisive ‘Operation Sindoor’. https://t.co/uMPdAYiwU6
— Amit Shah (@AmitShah) July 29, 2025
सेना, सीआरपीएफ व जम्मू कश्मीर पुलिस का संयुक्त अभियान
अमित शाह ने सदन को बताया कि कल कश्मीर के दाचीगाम में सेना, CRPF और जम्मू कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन महादेव’ में तीन आतंकवादियों सुलेमान, अफ़गान और जिब्रान को मार गिराया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पहले से ही इन तीन आतंकवादियों को शरण देने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। जब इन तीनों आतंकियों के शव श्रीनगर आए तब चार लोगों ने इनकी पहचान कर बताया कि इन्हीं तीनों आतंकवादियों ने पहलगाम में आतंकी घटना को अंजाम दिया था।
इसके बाद पहलगाम आतंकी हमले के घटनास्थल पर मिले कारतूसों की FSL रिपोर्ट के आधार पर दाचीगाम में इन तीन आतंकियों के पास से मिली तीन राइफलों से मिलान किया गया। इन तीनों राइफलों को एक विशेष विमान द्वारा कल रात चंडीगढ़ पहुंचाया गया। फायरिंग कर इनके खाली खोखे जेनेरेट किए गए। उन्होंने कहा कि इसके बाद पहलगाम हमले में मिले खोखों का मिलान राइफलों की नली और फायरिंग के बाद निकले हुए खोखों से किया गया औऱ तब यह तय हो गया कि इन्हीं तीन राइफलों से पहलगाम में हमारे निर्दोष नागरिकों की हत्या की गई थी।

पहले आतंकी के आका मारे गए, अब आतंकी
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों के आकाओं को जमीन में मिलाने का काम किया और कल हमारी सेना और CRPF ने उन तीन आतंकियों को भी समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन महादेव, हमारे देश की सेना, CRPF और जम्मू कश्मीर पुलिस की एक बहुत बड़ी साझा कामयाबी है। इस पर देश की 140 करोड़ जनता को नाज है। उन्होंने बताया कि आतंकी हमले के बाद वे स्वयं पहलगाम जाकर वहां मृतकों के परिजनों से मिले थे। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर से आतंकियों को भेजने वालों को मारा और हमारे सुरक्षाबलों ने उन आतंकियों को भी मार दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकियों और उनके आकाओं को ऐसा सबक सिखाया गया है कि आने वाले लंबे समय तक कोई ऐसी हिम्मत नहीं करेगा।
जवाबी कार्रवाई संयमित
शाह ने कहा कि हमारी सेना ने जो जवाबी कार्रवाई की है उससे बड़ी संयमित कार्रवाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने आतंकियों के साथ-साथ उनके 9 अड्डों को ध्वस्त कर दिया और भारत की कार्रवाई में एक भी नागरिक नहीं मारा गया है। उन्होंने कहा कि “Surgical Strike” और “Air Strike” में भी हमने POK में ही हमला किया था। पाक-अधिकृत कश्मीर हमारा ही है। उन्होंने कहा कि इस बार ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमने पाकिस्तान के अंदर 100 किलोमीटर तक घुस कर आतंकवादियों को समाप्त किया है।



