नई दिल्ली: बॉलीवुड की दुनिया में कई सितारे आते हैं, चमकते हैं, और कुछ अचानक गायब होकर एकदम अलग रास्ता चुन लेते हैं। कोई बिजनेस की दुनिया में चला जाता है, तो कोई लाइमलाइट से दूर विदेश में बस जाता है। लेकिन 90 के दशक की एक ऐसी अभिनेत्री थीं, जिन्होंने न सिर्फ अपनी खूबसूरती और अभिनय से सबका दिल जीता, बल्कि बाद में सब कुछ त्यागकर आध्यात्मिक जीवन अपना लिया। यह कहानी है बर्खा मदान की।
मिस इंडिया में ऐश्वर्या-सुष्मिता से लिया था मुकाबला
पंजाब में जन्मीं बर्खा मदान ने 1994 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस मंच पर उन्होंने ऐश्वर्या राय और सुष्मिता सेन जैसी सुंदरियों को कड़ी टक्कर दी। भले ही वह मिस इंडिया का खिताब न जीत सकीं, लेकिन उनकी खूबसूरती ने उन्हें मिस टूरिज्म इंडिया का ताज दिलवाया।
अक्षय कुमार के साथ किया था बॉलीवुड डेब्यू
बर्खा ने 1996 में अक्षय कुमार और रेखा के साथ फिल्म खिलाड़ियों का खिलाड़ी से बॉलीवुड में कदम रखा। लेकिन असल पहचान उन्हें राम गोपाल वर्मा की हॉरर फिल्म भूत में अपने छोटे मगर दमदार किरदार से मिली। इसके अलावा, उन्होंने कई पंजाबी फिल्मों और टीवी शोज में काम किया। सोच लो और सुर्खाब जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया।
2012 में लिया चौंकाने वाला फैसला
जब बर्खा का करियर ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा था, तब उन्होंने 2012 में अचानक बॉलीवुड छोड़ने का फैसला किया। इस खबर ने उनके फैंस और इंडस्ट्री को हैरान कर दिया। बर्खा ने बौद्ध नन बनने का निर्णय लिया और अपना नाम बदलकर ग्यालटेन सैम्टेन रख लिया।
आज जी रही हैं साधारण और आध्यात्मिक जीवन
बॉलीवुड की चकाचौंध को अलविदा कहकर बर्खा अब एक शांत और आध्यात्मिक जीवन जी रही हैं। उनकी यह अनोखी यात्रा न सिर्फ प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सच्ची खुशी हमेशा नाम और शोहरत में नहीं होती।



