नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की आपसी सहमति के बाद अगस्त में प्रस्तावित भारत-बांग्लादेश (India vs Bangladesh) व्हाइट बॉल सीरीज को अब सितंबर 2026 तक टाल दिया गया है। सीरीज स्थगित होने के बाद अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड लगातार बीसीसीआई से संपर्क में है और दोनों बोर्ड के बीच बातचीत चल रही है कि अगस्त में भारत और श्रीलंका के बीच एक टी20 सीरीज कराई जा सके।
श्रीलंका दौरे के लिए टीम घोषित, सूर्यकुमार यादव को कमान
बीसीसीआई ने श्रीलंका के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए 16 सदस्यीय भारतीय टीम (India Team) की घोषणा कर दी है। टी20 टीम की कमान एक बार फिर सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि शुभमन गिल (Shubman Gill) को उप कप्तान बनाया गया है। गिल की इस टीम में वापसी लंबे समय से चर्चाओं में थी और अब उनका चयन यह संकेत देता है कि बोर्ड भविष्य के लिए उन्हें बड़ी भूमिका देने की तैयारी में है।
श्रीलंका में खाली शेड्यूल बना भारत के लिए मौका
श्रीलंका में अगस्त में होने वाली श्रीलंका प्रीमियर लीग (LPL) रद्द हो चुकी है, जिससे वहां के खिलाड़ी उस दौरान उपलब्ध रहेंगे। वहीं, बांग्लादेश दौरा रद्द होने के चलते भारतीय खिलाड़ी भी उस समय खाली होंगे। ऐसे में श्रीलंका और भारत के बीच एक सीमित ओवरों की सीरीज कराए जाने की प्रबल संभावना है।
सूर्या की कप्तानी में अजेय रही है टीम इंडिया
टी20 प्रारूप में रोहित शर्मा के संन्यास के बाद सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया था। उनकी अगुआई में भारत अब तक कोई भी टी20 सीरीज नहीं हारा है। पिछली बार श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया (Team India) ने सूर्या की कप्तानी में मेजबान टीम को 3-0 से हराया था।
गिल की वापसी बनी चर्चा का विषय
आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले शुभमन गिल (Shubman Gill) ने 650 रन बनाकर न सिर्फ गुजरात टाइटंस के लिए अहम योगदान दिया, बल्कि कप्तानों में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बने। उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टी20 टीम में फिर से मौका दिया है।
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की संभावित 16 सदस्यीय टीम
- सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
- शुभमन गिल (उप कप्तान)
- अभिषेक शर्मा
- तिलक वर्मा
- हार्दिक पंड्या
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)
- आशुतोष शर्मा
- अक्षर पटेल
- कुलदीप यादव
- अर्शदीप सिंह
- अंशुल कंबोज
- प्रसिद्ध कृष्णा
- वाशिंगटन सुंदर
- दिग्वेश राठी
- हर्षित राणा
अब सभी की निगाहें बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की अंतिम घोषणा पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि अगस्त में भारत को एक और रोमांचक सीरीज देखने को मिलेगी या नहीं।



