लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित विशेष कॉन्क्लेव ‘ऊंचाइयों पर यूपी’ में उत्तर प्रदेश के पिछले 9 वर्षों के सफर और उपलब्धियों का खाका पेश किया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
प्रदेश की बदली तस्वीर
योगी बोले,जो राज्य कभी दंगा, कर्फ्यू और असुरक्षा के लिए जाना जाता था, आज वह देश में निवेश और विकास का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। अयोध्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि कुछ ताकतें अयोध्या की आड़ में देश की आस्था और अस्मिता को चोट पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निवेश और अर्थव्यवस्था में रिकॉर्ड उछाल
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ से बढ़कर करीब 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। राज्य के बजट का आकार भी बढ़कर 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
रोजगार और बुनियादी ढांचे का विकास
रोजगार के मोर्चे पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना ने पारंपरिक उद्योगों को नया जीवन दिया है। प्रदेश में संचालित 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों के जरिए करीब सवा तीन करोड़ युवाओं को रोजगार मिला है। इसके अलावा, पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में यूपी एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक परियोजनाओं के तेजी से विस्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। गन्ना, चीनी और एथेनॉल के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश आज देश का अग्रणी राज्य है।
करोड़ो लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन
कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। लाखों परिवारों को पेंशन, कन्या सुमंगला योजना और सामूहिक विवाह योजना का सीधा लाभ मिल रहा है।



