दिल्ली। आधार कार्ड आज हर भारतीय की महत्वपूर्ण पहचान बन चुका है। चाहे बुजुर्ग हों, युवा हों या छोटे बच्चे, सभी के लिए आधार कार्ड एक आवश्यक पहचान दस्तावेज है।अगर आपके घर में 5 साल से कम उम्र का बच्चा है और अभी तक उसका आधार कार्ड नहीं बना है, तो अब यह काम पहले से ज्यादा आसान हो गया है। भारतीय डाक विभाग की विशेष सुविधा के जरिए आप घर बैठे बाल आधार (Blue Aadhaar) के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन स्वीकार होने के बाद डाक विभाग का कर्मचारी आपके घर आकर नामांकन (Enrolment) की प्रक्रिया पूरी करता है।
क्या है ब्लू आधार
ब्लू आधार कार्ड 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जारी किया जाता है। इसे बाल आधार भी कहा जाता है। इस आधार कार्ड में बच्चे के फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन (बायोमेट्रिक) नहीं लिए जाते। बच्चे का आधार उसके नाम, जन्म तिथि और अन्य जनसांख्यिकीय विवरण के साथ माता या पिता के आधार नंबर से लिंक किया जाता है।
घर बैठे ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले Google Play Store से PostInfo ऐप डाउनलोड करें।
- ऐप इंस्टॉल करके खोलें।
- Service Request विकल्प पर जाएं।
- अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसी आवश्यक जानकारी दर्ज करें।
- सर्विस लिस्ट में IPPB Aadhaar Service चुनें।
- इसके बाद Child Aadhaar Enrolment विकल्प पर क्लिक करें।
- मोबाइल पर प्राप्त OTP दर्ज करके आवेदन सबमिट करें।
- आवेदन स्वीकार होने के बाद डाक विभाग का कर्मचारी आपके घर आकर बच्चे के आधार नामांकन की प्रक्रिया पूरी करेगा।
बाल आधार बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
माता या पिता का आधार कार्ड
सक्रिय मोबाइल नंबर
आवेदन के लिए आवश्यक अन्य जानकारी
इन बातों का रखें ध्यान
यह सुविधा केवल 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए है।
बच्चे के 5 साल पूरे होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है।
15 साल की उम्र पूरी होने पर दोबारा बायोमेट्रिक अपडेट कराना होता है।
आवेदन करते समय मोबाइल नंबर और सभी दस्तावेजों की जानकारी सही दर्ज करें, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की समस्या न आए।



