अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम को बदनाम किया गया है और हिंदुत्व के नाम पर राजनीति की गई है। ममता बनर्जी ने कहा, आज भगवान राम के नाम को कलंकित किया गया है। हिंदुत्व के नाम पर राजनीति की गई है।
नीट मामले पर भी सरकार को घेरा
ममता बनर्जी ने अपने एक अन्य बयान में नीट परीक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में इस मामले को लेकर भारी अव्यवस्था है, लेकिन इसका कोई ठोस समाधान नहीं निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले में भी कोई स्पष्ट दिशा दिखाई नहीं दे रही है, जबकि सरकार का ध्यान केवल दान पेटियों पर केंद्रित है। उन्होंने आरोप लगाया, इतने कम समय में इस तरह की खुली लूट हो रही है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं कि कृपया सरकार ठीक से चलाइए।
अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है।उन्होंने आगे कहा कि 140 करोड़ देशवासी और दुनिया भर से चढ़ावा देने वाले सनातनी यह जानना चाहते हैं कि इस गंभीर मामले पर जिम्मेदार लोग स्वयं सामने क्यों नहीं आए। अपने से पीछे वाले व्यक्ति को आगे क्यों कर दिया गया? क्या ‘महापाप’ के दोष और जनाक्रोश से बचने के लिए किसी और को आगे कर सफाई दिलवाने की कोशिश की गई?अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि षड्यंत्र करने वाले अब आपस में ही एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं। बंटवारे की यह लड़ाई अंततः कई राज खोल सकती है।



