चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मां-बेटी सम्मान योजना की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर के धुरी में आयोजित कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, बलजीत कौर, पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत कई नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह योजना राज्य की माताओं और बेटियों को सम्मान देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस योजना को पूरी तैयारी और विश्वास के साथ लागू किया है और इसे भविष्य में भी लगातार जारी रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 40 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना के लिए पंजीकरण करा चुकी हैं। योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहली किस्त के रूप में लाभार्थियों के खातों में तीन महीने की राशि एक साथ भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस सहायता राशि को कम बता रहे हैं, लेकिन जरूरतमंद परिवारों के लिए यह मदद काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के संसाधनों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाना है।
भगवंत मान ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां-बेटी सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगी।



