नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार चर्चा में हैं। इस बार उनकी चर्चा किसी रिकॉर्ड या बड़ी पारी की वजह से नहीं, बल्कि इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के दौरान लागू होने वाले एक खास नियम को लेकर हो रही है। 15 साल के वैभव को भारतीय टी-20 टीम में जगह मिली है, लेकिन इंग्लैंड में उन्हें टीम के बाकी खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग रूम इस्तेमाल करना होगा।
क्या कहता है नियम?
दरअसल, इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) का नियम कहता है कि 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम और शॉवर की सुविधा साझा करने की अनुमति नहीं होती। चूंकि वैभव अभी 15 साल के हैं, इसलिए उनके लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। हालांकि इसका असर उनके खेल या टीम में भूमिका पर नहीं पड़ेगा। वैभव टीम मीटिंग, अभ्यास सत्र और मैच की तैयारियों में बाकी खिलाड़ियों के साथ ही शामिल रहेंगे। केवल कपड़े बदलने और शॉवर जैसी सुविधाओं के लिए उन्हें अलग कमरा दिया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक जरूरत पड़ने पर वैभव मुख्य ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन उस समय वहां कोई अन्य खिलाड़ी मौजूद नहीं होना चाहिए।
स्थानीय नियमों का पालन करना जरूरी
यह नियम सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि ब्रिटेन के कई अन्य खेलों में भी लागू है। इसका मकसद कम उम्र के खिलाड़ियों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना है। इससे पहले फुटबॉल क्लब आर्सेनल को भी अपने युवा खिलाड़ियों के लिए ऐसी ही व्यवस्था करनी पड़ी थी। बताया जा रहा है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी कोई बदलाव नहीं कर सकती, क्योंकि भारत-आयरलैंड और भारत-इंग्लैंड सीरीज आईसीसी टूर्नामेंट नहीं हैं। ऐसे में स्थानीय नियमों का पालन करना जरूरी होगा।
वैभव की आतिशी पारी
आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी पुष्टि की है कि आयरलैंड दौरे पर वैभव के लिए यही नियम लागू रहेगा। इसके लिए भारतीय टीम को अतिरिक्त कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। वैभव सूर्यवंशी ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-19 क्रिकेट में बड़ी पारियां खेलने के साथ-साथ उन्होंने आईपीएल और इंडिया-ए के लिए भी बेहतरीन बल्लेबाजी की है। यही वजह है कि क्रिकेट प्रशंसक उनके अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



