दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) की ओर से पंथ रत्न बाबा हरबंस सिंह जी कार सेवा वालों द्वारा दिल्ली में कार सेवा शुरू किए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा बंगला साहिब में विशाल गुरमति समागम आयोजित किया गया। समागम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा जी की सेवाओं को याद किया।
हरमीत सिंह कालका ने बताया-
समागम को संबोधित करते हुए डीएसजीएमसी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि पंथ रत्न बाबा हरबंस सिंह ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में सरोवर की सेवा से कार सेवा की शुरुआत की थी। उन्होंने बताया कि आज गुरुद्वारा माता सुंदरी जी, गुरुद्वारा नानक प्याऊ, गुरुद्वारा बाला साहिब सहित दिल्ली के अनेक प्रमुख गुरुद्वारों में उनकी कार सेवा निरंतर जारी है।

उन्होंने कहा कि बाबा हरबंस सिंह जी ने केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में भी गुरुद्वारों के निर्माण एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्तमान में उनके जत्थे द्वारा विभिन्न गुरुद्वारों में विशाल हॉल, सरायें और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है।
कालका और काहलों ने कहा कि कार सेवा के माध्यम से निर्मित भवन अपनी मजबूती और सुंदरता के लिए विशेष पहचान रखते हैं तथा लंबे समय तक श्रद्धालुओं की सेवा करते रहते हैं। इस अवसर पर कमेटी की ओर से वर्तमान में जत्थे की अगुवाई कर रहे बाबा बचन सिंह तथा अन्य सेवाधारकों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। समागम में बाबा सुरिंदर सिंह, बाबा लख्खा सिंह सहित अनेक धार्मिक और सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं।



