नई दिल्ली | अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने पैन-इंडिया फिल्म ‘केडी : द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर बॉलीवुड पर तीखा हमला बोला है।

मंगलवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए कंगना ने इस गाने को ‘अश्लीलता की पराकाष्ठा’ बताया और कहा कि मनोरंजन के नाम पर सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सस्ता पीआर और अटेंशन पाने की कोशिश
कंगना ने मीडिया से कहा, “अश्लीलता, सस्ते पीआर हथकंडे और अटेंशन पाने के लिए बॉलीवुड ने हर हद पार कर दी है। पूरा देश उन्हें फटकार लगा रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई शर्म है।” उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की चीजें लंबे समय से चली आ रही हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि इन पर और अधिक सख्ती बरती जाए।
फैमिली के साथ टीवी देखना हुआ मुश्किल
कंगना ने अश्लीलता के प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस तरह का कंटेंट दिखाया जा रहा है, उसके कारण अब परिवार के साथ बैठकर टीवी देखना भी दूभर हो गया है।
उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “इसलिए बॉलीवुड पर अब लगाम लगानी ही पड़ेगी। एनएचआरसी ने भी लिया संज्ञान, यूट्यूब से हटा वीडियो विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के मेकर्स ने दबाव में आकर इस वीडियो को यूट्यूब से हटा लिया है। गाने में नोरा फतेही के डांस मूव्स और लिरिक्स को लेकर सोशल मीडिया पर काफी समय से आक्रोश बना हुआ था।
- एनएचआरसी की कार्रवाई: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट कर पूछा कि “कौन सा सभ्य परिवार इस तरह के वीडियो को साथ बैठकर देख सकता है?”
- कानूनी नोटिस: आयोग ने मामले में संज्ञान लेते हुए मेकर्स को नोटिस जारी करने की बात कही है।
क्या है पूरा विवाद?
यह गाना कन्नड़ फिल्म ‘KD: द डेविल’ का है, जिसमें नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आ रहे हैं। गाने का बैकड्रॉप एक डांस बार का है। नोरा के ‘पल्लू ड्रॉप’ वाले एक विशेष हुक स्टेप और इसके बोलों को जनता ने ‘अत्यधिक उत्तेजक’ और ‘भद्दा’ करार दिया है। संगीतकार अर्जुन जन्या और गीतकार रकीब आलम भी इस विवाद के घेरे में हैं।




