कुरुक्षेत्र: क्रिकेट प्रेमियों के लिए कुरुक्षेत्र में एक खास आयोजन होने जा रहा है। ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग (सीजन-1) नॉर्थ ज़ोन का ग्रैंड लॉन्च समारोह 12 मार्च 2026 को वेटा होटल, जी.टी. रोड उमरी, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस लीग के आयोजक सोमनाथ गाबा (चेयरमैन), रवि कुमार गाबा, विनय कम्बोज और हरिपुर (यमुनानगर) से जुड़े अन्य सदस्य हैं।इस लीग का आयोजन 16 जून से 21 जून के बीच समाना बाहु (कुरुक्षेत्र) में किया जाएगा, जिसमें हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आयोजकों का लक्ष्य इस लीग को नॉर्थ ज़ोन की प्रमुख टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल करना है।
कार्यक्रम के दौरान लीग के पोस्टर और जर्सी का अनावरण भी किया गया। इसके बाद आकाश चोपड़ा ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और लीग के शुभारंभ की घोषणा की। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया और युवा खिलाड़ियों को भी काफी प्रेरणा मिली।
आयोजकों के अनुसार इस लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिलेगा और युवाओं में खेल के प्रति रुचि और भी बढ़ेगी। ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग का उद्देश्य क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर देना है।
मुख्य अतिथि आकाश चोपड़ा ने कहा कि यदि किसी खिलाड़ी में हुनर है तो उसे सही मंच मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में टेनिस क्रिकेट को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह और जुनून देखने को मिल रहा है। ऐसे में ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग जैसे आयोजन कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सपनों को पूरा करने का मौका देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट देश के दिलों में बसता है और इस तरह की लीग ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही उन्होंने युवा खिलाड़ियों से खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।
लीग के चेयरमैन सोमनाथ गाबा ने बताया कि यह लीग टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है और इसका आयोजन टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा के सहयोग से किया जा रहा है। वहीं लीग का संचालन अल्टीमेट इवेंट मेकर्स एलएलपी द्वारा किया जाएगा। लीग में कुल 12 टीमें भाग लेंगी और प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी होंगे, जिनमें से एक खिलाड़ी की आयु 35 वर्ष से अधिक भी हो सकती है।
लीग के फाउंडर रवि कुमार गाबा ने बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाना है। खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया 15 अप्रैल से राजस्थान में शुरू की जाएगी।
समारोह के दौरान आकाश चोपड़ा ने क्रिकेटरों रोहित चंडीगढ़िया, आशु (यमुनानगर), अमन मांझी, डैनी मांडी और प्रिंस कंबोज को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया।



