तिरुवनंतपुरम | महाकुंभ मेले में फूल बेचते हुए अपनी नीली आँखों से रातों-रात इंटरनेट पर छा जाने वाली मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में हैं।
इस बार वजह उनकी शादी और उससे जुड़ा विवाद है। सोशल मीडिया पर उनकी और उनके बॉयफ्रेंड फरमान खान की शादी को ‘लव जिहाद’ का नाम देकर ट्रोल किया जा रहा था, जिस पर अब इस जोड़े ने सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है।

मंदिर में पारंपरिक तरीके से हुई शादी
मोनालिसा और फरमान ने केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर इलाके में स्थित अरुमानूर नैनार देवा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए। शादी की वायरल तस्वीरों में मोनालिसा लाल रंग की पारंपरिक साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं फरमान ने हिंदू परंपरा का पालन करते हुए सफेद कुर्ता और स्थानीय ‘मुंडू’ पहना था।
अफवाहों में सच्चाई नहीं: मोनालिसा
आईएएनएस से बातचीत के दौरान मोनालिसा ने कहा, “लोग जो सोच रहे हैं, वैसा कुछ भी नहीं है। हमारी शादी पूरी तरह से हिंदू परंपरा के अनुसार मंदिर में हुई है। सभी रीति-रिवाजों का पालन किया गया। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।”
केरल सरकार और मंत्रियों का मिला साथ
फरमान खान ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए केरल सरकार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद नहीं थी कि हमारी शादी में इतने लोग आएंगे। केरल के शिक्षा मंत्री समेत कई वरिष्ठ लोगों ने आकर हमें आशीर्वाद दिया। हमारे लिए सभी धर्म एक समान हैं और हमने आपसी सहमति और सम्मान के साथ यह कदम उठाया है।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
शादी के वीडियो वायरल होने के बाद से ही इंटरनेट पर दो गुट बन गए हैं। जहां एक ओर लोग इस जोड़े को ट्रोल कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई प्रशंसक उनकी पसंद का सम्मान करने और शांतिपूर्ण तरीके से जीवन शुरू करने की सराहना कर रहे हैं।



