मुंबई | बॉलीवुड के ‘असली खिलाड़ी’ अक्षय कुमार और दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है।
फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चल रहे जबरदस्त बज के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का आधिकारिक टीजर गुरुवार, 12 मार्च को रिलीज किया जाएगा। फिल्म के पहले गाने ‘राम जी आके भला करेंगे’ की भारी सफलता के बाद से ही फैंस इसकी पहली झलक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कल हो सकता है आधिकारिक ऐलान
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स बुधवार (11 मार्च) को टीजर रिलीज की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं। मंगलवार को सोशल मीडिया पर दिए गए संकेतों ने पहले ही फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है। इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे।
— BalajiMotionPictures (@balajimotionpic) March 10, 2026
‘धुरंधर 2’ के साथ जुड़ेगा ट्रेलर
फिल्म के प्रमोशन को लेकर मेकर्स ने एक मास्टर प्लान तैयार किया है। खबरों की मानें तो ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर बहुचर्चित फिल्म ‘धुरंधर 2’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि ट्रेलर का कट फाइनल हो चुका है और टीम इसे लेकर बेहद आश्वस्त है। पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा बटोरने के बाद, ‘धुरंधर 2’ की थिएटर ऑडियंस के जरिए फिल्म को और बड़ा बूस्ट देने की तैयारी है।
रिलीज की तारीख में फिर बदलाव
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी अपडेट सामने आया है। पहले यह फिल्म 2 अप्रैल को आने वाली थी, जिसे बाद में मई तक टाल दिया गया था। हालांकि, अब मेकर्स ने इसे 10 अप्रैल, 2026 को रिलीज करने का अंतिम फैसला लिया है। 2010 में आई ‘खट्टा मीठा’ के बाद प्रियदर्शन और अक्षय की यह पहली साथ में फिल्म है, जिससे ट्रेड पंडितों को बड़ी उम्मीदें हैं।



