टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइल मैच में संजू सैमसन ने जहां बल्ले से महफिल लूटी तो एक खिलाड़ी ऐसा भी रहा, जिसने फील्डिंग में जो कारनामा किया। उसे फैंस सालों तक भूल पाएंगे। ये और कोई नहीं अक्षर पटेल ही हैं, जिन्होंने भारत को उस वक्त एक ऐसा विकेट दिलाय, जब टीम को उसकी जरूरत थी।

Share This Article:

मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप में वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार रात रनों का ऐसा तूफान उठा कि अंग्रेज गेंदबाज उसमें उड़ गए। भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। अब उसका मुकाबला रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से होगा। भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। 

254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट महज 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए। जोस बटलर एक बार फिर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 17 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। टॉम बैंटन महज 5 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। 95 के स्कोर पर इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे।

हालांकि, इसके बाद विल जैक्स और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन जोड़े। जैक्स 20 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन और बेथेल ने छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी निभाई। करन ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में शतक पूरा किया। बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब पारी खेली, लेकिन वह इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप और बुमराह ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन लगाए। संजू सैमसन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में सैमसन ने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। शिवम दुबे भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 25 गेंदों में 43 रन बनाए। हालांकि, अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर निराश किया और वह 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन बनाए।

अंत के ओवरों में तिलक वर्मा ने सिर्फ 7 गेंदों में 21 रन बनाए, तो हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, जोफ्रा आर्चर काफी मंहगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 61 रन खर्च किए। खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के साथ होगी।

जसप्रीत बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए ‘500 विकेट’

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल के दौरान अपने करियर का एक बड़ा मुकाम हासिल किया। वह इंग्लैंड की पारी के पांचवें ओवर में अपने स्पेल की पहली गेंद पर पहला विकेट लेकर 500 इंटरनेशनल विकेट हासिल करने वाले आठवें भारतीय बन गए। 23 जनवरी 2016 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से बुमराह ने सभी फॉर्मेट में 500 विकेट हासिल किए हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, कपिल देव, रवींद्र जडेजा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ जैसे सात अन्य भारतीय गेंदबाज ऐसा कर चुके हैं। अहमदाबाद के 32 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अब तक 52 टेस्ट में 234 विकेट, 89 वनडे में 149 विकेट और 94 टी20 मुकाबलों में 117 विकेट हासिल किए हैं, जो सभी फॉर्मेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन और जबरदस्त असर को दिखाता है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुमराह का प्रदर्शन भी उतना ही शानदार रहा है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम के लिए छह मैचों में नौ विकेट लिए थे, और सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या 10 कर ली।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.