नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स का 18 साल का आईपीएल ट्राॅफी का सूखा मंगलवार देर रात खत्म हो गया। आईपीएल के 18वें सीजन में चैलेंजर्स ने पंजाब किग्स को 6 रनों से शिकस्त दे दी। यह जीत विराट कोहली के लिए बेहद अहम है।
इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जीत के बाद वह अपने आंसुओं को रोक नहीं सके। पल भर के लिए छलके आंसू 18वें सीजन तक के इंतजार की टीस के थे और जीत की खुशी के भी। जीत जाते ही आरसीबी प्लेयर्स दौड़ लगाने के साथ अपनी खुशी जाहिर करते दिखाई पड़े। वहीं, विराट कोहली मैदान में ही घुटनों के बल बैठ रोने लगे। इसके बाद दूसरे खिलाड़ियों ने उनको उठाया और फिर टीम के साथ वह भी जीत के जश्न में शामिल हो गए। सनद रहे, आईपीएल के पहले सीजन से रॉयल चैलेंजर्स के लिए खेल रहे विराट के खाते में एक भी ट्राफी नहीं आई थी।
इससे पहले आरसीबी ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में 184 रनों का ही स्कोर कर सकी। दिलचस्प यह कि फाइनल खेल रही दोनों टीमें पहली बार आईपीएल विजेता बनने की जोर आजमाइश कर रही थीं, लेकिन इसमें कामयाबी रॉयल चैलेंजर्स को ही मिल सकी।
आरसीबी की तरफ से विराट कोहली ने 43 रनों की समझदारी भरी पारी खेली। इसी की बदौलत स्कोर 190 तक पहुंच सका। कोहली के अलावा रजत पाटीदार ने 26, लियमलिविंगस्टन ने 25 व जितेश शर्मा ने 24 रन बनाए। इसके जवाब में मैदान में उतरी पंजाब किंग्स की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 43 रनों की समझदारी भरी पारी खेली। पहला झटका प्रियांश आर्या के रूप में लगा। 24 रन बनाकर वह आउट हो गए।
इसके बाद दूसरे विकेट के लिए प्रभ सिमरन सिंह और जोश इंग्लिश ने पंजाब का स्कोर 72 रनों तक पहुंचाया। लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद आरसीबी ने मैच में वापसी की और दुबारा पंजाब किंग्स को मुकाबले में नहीं आने दिया। दर्शकों को सबसे ज्यादा निराश श्रेयस अय्यर ने किया। वह बेहद अहम मुकाबले में एक रन बनाकर आउट हो गए।
यह खिलाड़ी हुए मालामाल
चमचमाती ट्राफी के साथ RCB ने चमचमाती ट्राफी पर तो कब्जा किया ही, विजेता होने के नाते 20 करोड़ रुपये भी अपने खाते में कर लिए। जबकि दूसरे पायदान पर रही पंजाब किंग्स को 12.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली।
विजेता और उपविजेता को बेशक करोड़ों रुपये की इनामी राशि मिली, लेकिन इसके अलावा भी कई खिलाड़ी हैं, जो मालमाल हुए हैं। इसमें ऑरेंज कैप, पर्पल कैप व इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन जैसे तमाम पुरस्कार हैं। जानते हैं, खेल के साथ खिलाड़ियों के पैसे का गणित भी…
अवार्ड्स
विजेता: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू-20 करोड़ रुपये व ट्रॉफी
रनर अप: पंजाब किंग्स-12.5 करोड़ रुपये व ट्राफी
प्लेयर ऑफ दि फाइनल: कुणाल पांड्या (रॉयल चैलेंजर्स)-5 लाख रुपये और ट्राफी
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ दि सीजन: साई सुदर्शन-10 लाख रुपये और ट्राफी
सबसे ज्यादा विकेट लेने पर मिलने वाली पर्पल कैप: प्रसिद्ध कृष्णा (25 विकेट)-10 लाख रुपये व पर्पल कैप
सबसे ज्यादा रन बनाने पर मिलने वाली ऑरेंज कैप: साई सुदर्शन (गुजरात टाइटंस, 759 रन)-10 लाख रुपये और ऑरेंज कैप
फैंटसी किंग ऑफ दि सीजन: साई सुदर्शन-10 लाख रुपये और ट्राफी
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर: सूर्य कुमार यादव-15 लाख रुपये और ट्राफी
फेयर प्ले अवॉर्ड: चेन्नई सुपर किंग्स-10 लाख रुपये और ट्राफी
सुपर सिक्सेस ऑफ दिसीजन: निकोल पूरन (40 छक्का)-10 लाख रुपये
ग्रीन डॉट बॉल ऑफ दि सीजन: मोहम्मद सिराज-10 लाख रुपये
कैच ऑफ दिसीजन: कामिंदु मेंडिस-10 लाख रुपये
सुपर स्ट्राइकर: वैभव सूर्यवंशी-10 लाख रुपये
फोर्स ऑफ दि सीजन: साई सुदर्शन-10 लाख रुपये
पिच और ग्रांउड: डीडीसीए-50 लाख रुपये



