‘Animal’ और ‘Kabir Singh’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले मशहूर डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘Spirit’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सुपरस्टार प्रभास की यह मोस्ट-अवेटेड फिल्म 5 मार्च, 2027 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
शानदार स्टार कास्ट और पोस्टर आउट
संदीप रेड्डी वांगा ने शुक्रवार को अपने X (ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्टर शेयर करते हुए इस खबर की पुष्टि की। फिल्म का निर्माण उनके अपने बैनर ‘भद्रकाली पिक्चर्स’ (Bhadrakali Pictures) के तहत किया जा रहा है।
इस फिल्म में ‘बाहुबली’ एक्टर प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी (Triptii Dimri) लीड रोल में नज़र आएंगी। ‘Animal’ की सफलता के बाद तृप्ति और संदीप की यह दूसरी फिल्म होगी, जिसने फैंस के बीच एक्साइटमेंट को दोगुना कर दिया है। फिल्म में दिग्गज कलाकार प्रकाश राज और विवेक ओबेरॉय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
विवादों में रही थी ‘स्पिरिट’
आपको बता दें कि पिछले साल यह फिल्म काफी चर्चा में रही थी, जब खबरें आई थीं कि दीपिका पादुकोण और संदीप रेड्डी वांगा के बीच मतभेद हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिफ्ट के समय (fixed shifts) को लेकर हुई अनबन की वजह से दीपिका ने इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया था।
संदीप रेड्डी वांगा का ट्रैक रिकॉर्ड
संदीप रेड्डी वांगा अपनी इंटेंस और डार्क फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। विजय देवरकोंडा की ‘अर्जुन रेड्डी’ से करियर शुरू करने वाले संदीप ने शाहिद कपूर के साथ ‘कबीर सिंह’ और रणबीर कपूर के साथ ‘एनिमल’ जैसी फिल्में देकर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा है। अब देखना यह होगा कि प्रभास के साथ उनकी यह जोड़ी क्या कमाल करती है।



