कोच्चि | दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने बुधवार को अपनी बहुप्रतीक्षित क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार की यह आखिरी और सबसे बड़ी जंग 2 अप्रैल, 2026 को बड़े पर्दे पर शुरू होगी। फिल्म के टीज़र ने सोशल मीडिया पर आते ही सनसनी मचा दी है, जिसमें एक फावड़ा, पानी में डूबी कार और सीसीटीवी कैमरा जैसे रहस्यमयी संकेत दिखाए गए हैं।
वही परिवार, वही डर और नया सस्पेंस
निर्देशक जीथु जोसेफ के निर्देशन में बनी इस तीसरी फिल्म की टैगलाइन है— “Years passed. The past didn’t.” (साल बीते, पर अतीत नहीं)। यह साफ इशारा है कि 2013 में शुरू हुआ वह अपराध आज भी जॉर्जकुट्टी के परिवार का पीछा कर रहा है। फिल्म में मोहनलाल के साथ मीना, अनसिबा हसन और एस्तेर अनिल अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे। वहीं, आशा शरत और सिद्दीकी की वापसी से पुलिस और परिवार के बीच ‘चोर-पुलिस’ का खेल और भी खतरनाक होने वाला है।
हिंदी ‘दृश्यम 3’ से पहले मचेगा मलयालम का शोर
निर्माता एंटनी पेरुंबावूर (आशीर्वाद सिनेमाज) ने एक रणनीतिक दांव खेला है। मोहनलाल की मूल मलयालम फिल्म 2 अप्रैल को रिलीज होगी, जबकि अजय देवगन अभिनीत इसका हिंदी रीमेक ठीक छह महीने बाद 2 अक्टूबर, 2026 को रिलीज होने वाला है।
निर्देशक की सलाह: “उम्मीदों पर काबू रखें”
फिल्म को लेकर मचे भारी शोर के बीच निर्देशक जीथु जोसेफ ने प्रशंसकों से एक खास अपील की है। कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “दृश्यम एक ऐसी फिल्म है जिसने बहुत से लोगों को प्रभावित किया है। मैं प्रशंसकों से कहूंगा कि वे अपनी उम्मीदों को बहुत ज्यादा ऊंचा न रखें और इसे एक खुली मानसिकता के साथ देखें। हमने उस सफर के साथ न्याय करने की पूरी कोशिश की है जो जॉर्जकुट्टी ने एक दशक पहले शुरू किया था।”



