नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र का समापन शुक्रवार को एक सुखद और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ। हंगामे और तकरार के बीच सत्र के आखिरी दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से आयोजित पारंपरिक ‘चाय बैठक’ में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच दूरियां कम होती नजर आईं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बीच हुई अनौपचारिक बातचीत चर्चा का केंद्र बनी रही।
#WATCH | Delhi | Lok Sabha Speaker Om Birla holds a meeting with the leaders of parties and Members of Parliament in Lok Sabha, in his Chamber in Parliament House on the conclusion of Winter Session of Parliament. Prime Minister Narendra Modi is also present at the meeting. pic.twitter.com/extCsBGoot
— ANI (@ANI) December 19, 2025
मलयालम सीख रही हैं प्रियंका
वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से बेहतर संवाद करने के लिए मलयालम भाषा सीख रही हैं। बैठक के दौरान प्रियंका गांधी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बगल में बैठी थीं और प्रधानमंत्री उनके ठीक सामने थे। दोनों के बीच हुई इस सहज बातचीत के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
पीएम ने साझा किया इथियोपिया का अनुभव
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री के हालिया तीन देशों के विदेश दौरे का भी जिक्र हुआ। प्रियंका गांधी ने जब उनसे इथियोपिया यात्रा के बारे में पूछा, तो पीएम ने बताया कि इथियोपिया के बारे में भारत में जो धारणा है, वह उससे काफी अलग है। उन्होंने कहा कि यह देश सामाजिक और आर्थिक रूप से बहुत तेजी से प्रगति कर रहा है।
पीएम के चुटकुले पर गूंजा ठहाका
बैठक में हंसी-मजाक का दौर भी चला। जब सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने सत्र के छोटा होने (केवल 15 बैठकें) का जिक्र किया, तो प्रधानमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, “यह मेरे गले के लिए अच्छा रहा, क्योंकि मुझे ज्यादा दिनों तक चिल्लाना नहीं पड़ा।” प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर कमरे में मौजूद सभी सांसद ठहाके मारकर हंस पड़े।
विपक्षी नेताओं की रही मौजूदगी
इस बैठक में सुप्रिया सुले (एनसीपी), ए. राजा (द्रमुक), केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू, चिराग पासवान और राजीव रंजन सिंह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। गौरतलब है कि पिछले बजट सत्र के दौरान विपक्ष ने इस पारंपरिक चाय बैठक का बहिष्कार किया था, लेकिन इस बार माहौल पूरी तरह बदला हुआ नजर आया।



