मुंबई: फिल्म ‘दामिनी’ की स्टार मीनाक्षी शेषाद्रि (62) ने अपने लेटेस्ट लुक से एक बार फिर फैंस को दीवाना बना दिया है। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाली मीनाक्षी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह बीच पर वॉक करती नजर आ रही हैं।
वीडियो में, मीनाक्षी को गुलाबी रंग के फुल स्लीव्स टॉप और चमकीले सिल्वर शॉर्ट्स में देखा जा सकता है। उन्होंने इसके साथ सिल्वर म्यूल्स (mules) भी पहने हुए हैं और गीली रेत पर चलती नज़र आ रही हैं । खास बात यह रही कि वॉक के दौरान एक कुत्ता भी उनके साथ चल रहा है।
शॉर्ट्स पहनकर किया ‘रॉक’, फैंस से पूछा सवाल
वीडियो शेयर करते हुए मीनाक्षी शेषाद्रि ने कैप्शन में लिखा, “बीच पर मस्ती! लंबे समय बाद शॉर्ट्स पहनकर रॉक करना शानदार था। सबसे अच्छी बात एक प्यारे दोस्त का मिलना था! वैसे क्या आप मुझे बता सकते हैं कि मैंने किन फिल्मों में शॉर्ट्स पहने हैं?”
उनके इस वीडियो पर फैंस ने ज़बरदस्त प्रतिक्रिया दी। एक फैन ने लिखा, “रॉकिंग द लुक!! आपने पेंटर बाबू, शहंशाह, होशियार में शॉर्ट्स पहने थे।”
धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि और कमबैक की तैयारी
मीनाक्षी सोशल मीडिया पर लगातार अपडेट देती रहती हैं। हाल ही में, उन्होंने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में ‘घायल’ फिल्म के सह-कलाकार सनी देओल के पिता को ‘ही मैन’ बताया था।
मीनाक्षी शेषाद्रि फिलहाल बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी कर रही हैं और विभिन्न फॉर्मेट्स की स्क्रिप्ट्स पर विचार कर रही हैं। पिछले साल, उन्होंने मंजरी फड़नीस के साथ अपनी फिल्म ‘मेरी जंग’ के गाने ‘जीत जाएंगे हम तू अगर’ को भी रिक्रिएट किया था।



