नई दिल्ली। दूरसंचार विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘दित्वा’ को देखते हुए दूरसंचार नेटवर्क को सुरक्षित रखने और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी की है। मौसम विभाग के अनुसार यह चक्रवात तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु क्षेत्रों पर प्रभाव डाल सकता है, जिसके मद्देनजर डीओटी ने स्थिति का आकलन करते हुए कई अहम कदम उठाए हैं।
24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित
चक्रवात से संभावित प्रभावित इलाकों में दूरसंचार सेवाओं पर असर न पड़े, इसके लिए विभाग ने एक 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम दूरसंचार सेवा प्रदाताओं, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को सक्रिय रखेगा। सभी टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं को अपने नेटवर्क को निर्बाध चलाने के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार, इमरजेंसी बिजली बैकअप और संवेदनशील जिलों में फील्ड रिस्पांस टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी नेटवर्कों पर आईसीआर और सीबी का परीक्षण पूरा
मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी-2020) के तहत विभाग ने सभी नेटवर्कों पर इंट्रा सर्कल रोमिंग (आईसीआर) और सेल ब्रॉडकास्टिंग (सीबी) का परीक्षण पूरा कर लिया है, ताकि आपात स्थितियों में संचार बाधित न हो और लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंच सके। चक्रवात की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए डीओटी सेवा प्रदाताओं से नियमित अपडेट ले रहा है, ताकि संकट के दौरान और उसके बाद भी दूरसंचार सेवाएं बिना रुकावट जारी रहें।



