नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने फिक्की की 98वीं वार्षिक आम बैठक में कहा कि भारत दुनिया के कई बड़े देशों के साथ मजबूत और संतुलित व्यापार समझौते कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारत ऑस्ट्रेलिया, यूएई, मॉरीशस, यूके और ईएफटीए देशों के साथ सफल व्यापार समझौते कर चुका है। इसके अलावा अमेरिका, यूरोपीय संघ, जीसीसी देशों, न्यूजीलैंड, इस्राइल, यूरेशिया, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और मर्कोसुर समूह सहित लगभग 50 देशों के साथ व्यापार वार्ता जारी है।
पीयूष गोयल ने कहा कि आत्मनिर्भरता भारत की सभ्यता का मूल विचार है, और आज भी देश की आर्थिक रणनीति का केंद्र है। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वदेशी विचार का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य और मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए ईएफटीए समझौते में इन देशों ने भारत में 100 अरब डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है, जो नवाचार और आधुनिक विनिर्माण को मजबूत करेगा। गोयल ने कहा कि भारत में रिसर्च और इनोवेशन बहुत कम लागत में किया जा सकता है, जो विदेशी निवेशकों के लिए भी बड़ा आकर्षण है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में एसटीईएम ग्रेजुएट्स, डिजिटल उपयोग और बढ़ती प्रतिभा भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डीप-टेक क्षेत्रों में मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा घोषित 12 अरब डॉलर की RDI फंडिंग स्टार्टअप और तकनीकी उद्योगों को नई रफ्तार देगी।
पीयूष गोयल ने युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि भारत की युवा आबादी नई तकनीकों को तेजी से अपनाने को तैयार है, जबकि कई विकसित देशों की आबादी तेजी से उम्रदराज हो रही है। इससे भारत को भविष्य की तकनीकी दुनिया में बड़ी बढ़त मिलेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा नया विधेयक
केंद्रीय मंत्री ने देश की मजबूती को PESTLE मॉडल के जरिए समझाया। उन्होंने बताया कि स्थिर सरकार, ‘न्यूनतम सरकार अधिकतम शासन’, मजबूत विनिर्माण मिशन, बेहतर श्रम कानून, तकनीक में आत्मनिर्भरता, सेमीकंडक्टर और चुंबक उत्पादन मिशन जैसे कदम भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा विधेयक 2025 से ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।



