नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने तत्काल प्रभाव से लेखा सेवा में लेखा अधिकारी का पद वरिष्ठ लेखा अधिकारी (समूह ‘ए’ राजपत्रित) के ग्रेड में अपग्रेड और विलय कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि दिल्ली सरकार का यह बड़ा प्रशासनिक सुधार से जुड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उन्होंने लेखा सेवा के अधिकारियों के लिए एक बड़ा प्रशासनिक सुधार लागू करते हुए तत्काल प्रभाव से लेखा अधिकारी (Accounts Officer) के पद को वरिष्ठ लेखा अधिकारी (Senior Accounts Officer) के ग्रेड में उन्नत और विलय करने की स्वीकृति दे दी है। यह निर्णय भारत सरकार के वित्त मंत्रालय, व्यय विभाग के नियंत्रक महालेखाकार (सीजीए) और गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुपालन में लिया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार लेखा अधिकारी (समूह ‘बी’ राजपत्रित) का पद, जो वर्तमान में पे मैट्रिक्स के पे लेवल- 9 में था, अब वरिष्ठ लेखा अधिकारी (समूह ‘ए’ राजपत्रित) के ग्रेड में पे लेवल- 10 में उन्नत और विलय कर दिया गया है। अब दिल्ली सरकार लेखा सेवा के लेखा अधिकारी के मौजूदा सभी पद वरिष्ठ लेखा अधिकारी (समूह ‘ए’ राजपत्रित) के रूप में पे मैट्रिक्स के पे लेवल- 10 में पुनः पदनामित किए जाते हैं। सीएमओ का कहना है कि फीडर कैडर में भी बदलाव किया गया है पदों के इस विलय के परिणामस्वरूप, वरिष्ठ लेखा अधिकारी के पद पर पदोन्नति के लिए अब सहायक लेखा अधिकारी (Assistant Accounts Officer) (समूह ‘बी’ राजपत्रित), जो पे मैट्रिक्स के पे लेवल- 8 में है, फीडर कैडर होगा। यह ऐतिहासिक कदम लेखा सेवा के अधिकारियों के लिए कैरियर में बेहतर प्रगति के अवसर प्रदान करेगा और प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाएगा। इस आदेश से 250 से अधिक अधिकारियो को फायदा होगा।



