नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के भाषण से जुड़ी एडिटिंग पर विवाद गहराने के बाद ब्रिटेन के प्रतिष्ठित सार्वजनिक प्रसारक BBC में बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। BBC के डायरेक्टर-जनरल टिम डेवी (Tim Davie) और न्यूज प्रमुख डेबोरा टर्नेस (Deborah Turness) ने रविवार को अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। यह कदम संगठन के भीतर पारदर्शिता और संपादकीय निष्पक्षता पर उठे सवालों के बीच आया है।
क्या है पूरा मामला?
6 जनवरी 2021 को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपने समर्थकों को संबोधित किया था। इस भाषण के तुरंत बाद अमेरिका की संसद कैपिटल हिल (Capitol Hill Riots) पर हिंसा हुई थी। हाल ही में BBC ने इस घटनाक्रम पर एक डॉक्यूमेंट्री प्रसारित की, जिसमें ट्रंप के भाषण का एक संपादित संस्करण दिखाया गया। आलोचकों का आरोप है कि BBC ने एडिटिंग के दौरान वह हिस्सा हटा दिया जिसमें ट्रंप ने अपने समर्थकों से “शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने” की अपील की थी। इस बदलाव से भाषण का संदर्भ पूरी तरह बदल गया और ऐसा लगा जैसे ट्रंप ने हिंसा के लिए उकसाया हो।
BBC पर उठे गंभीर सवाल
BBC लंबे समय से इस एडिटिंग विवाद को लेकर निशाने पर थी। मीडिया विशेषज्ञों और दर्शकों ने संस्था की संपादकीय निष्पक्षता पर सवाल उठाए। इसी दबाव के बीच डायरेक्टर-जनरल टिम डेवी ने पद छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने स्टाफ को भेजे पत्र में लिखा, “मैंने पांच साल पूरे होने के बाद खुद यह निर्णय लिया है। अब समय है कि नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़े।” डेवी ने यह भी कहा कि वे बोर्ड के साथ मिलकर नए डायरेक्टर-जनरल की नियुक्ति सुनिश्चित करेंगे ताकि BBC की विश्वसनीयता बनी रहे।
डेबोरा टर्नेस का भी इस्तीफा
BBC की न्यूज प्रमुख डेबोरा टर्नेस ने भी इस्तीफा देते हुए कहा कि यह विवाद अब उस स्तर पर पहुंच गया है जहां से संगठन की छवि को गहरा नुकसान हो सकता है। उन्होंने अपने बयान में कहा, “BBC न्यूज और करेंट अफेयर्स की CEO होने के नाते अंतिम जिम्मेदारी मेरी है। दर्शकों का भरोसा हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, और मैं नहीं चाहती कि वह कमजोर पड़े।”
साख पर संकट और आगे की राह
BBC का यह विवाद मीडिया जगत में संपादकीय जिम्मेदारी और नैतिकता को लेकर नई बहस छेड़ रहा है। ब्रिटेन की सरकार और मीडिया रेगुलेटर Ofcom ने भी इस मामले की समीक्षा शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि BBC को अब अपनी फैक्ट-चेकिंग और संपादन प्रक्रियाओं में अधिक पारदर्शिता लानी होगी, ताकि भविष्य में इस तरह के विवादों से बचा जा सके।
BBC के लिए यह इस्तीफों की श्रृंखला न केवल एक नेतृत्व संकट है बल्कि उसकी वैश्विक साख की परीक्षा भी। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि संस्था इस झटके से कैसे उभरती है और दर्शकों का भरोसा फिर से कैसे जीतती है।



