नई दिल्ली: दिल्ली स्थित चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में सरदार@150 यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन किया गया। सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने इस मार्च का नेतृत्व किया। यह पदयात्रा कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन से आज़ादपुर चौक तक निकाली गई, जिसमें एक भारत-श्रेष्ठ भारत की अद्भुत झलक देखने को मिली।
ये लोग भी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक पूनम शर्मा, राजकुमार भाटिया, तिलकराम गुप्ता, भाजपा केशवपुरम ज़िला अध्यक्ष अजय खताना समेत बड़ी संख्या में महिलाओं एवं अन्य लोगों ने भाग लिया। मार्च में स्कूल के बच्चे, युवा, एनसीसी कैडेट्स और रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे मार्ग में वंदे मातरम्, भारत माता की जय, सबसे अच्छा हिंदुस्तान जैसे जयघोष गूंजते रहे।
नशामुक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सांसद खंडेलवाल ने स्वदेशी अपनाने और नशामुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के पहले दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने न केवल एक भारत का सपना देखा बल्कि 562 रियासतों को एक राष्ट्र में जोड़कर उस सपने को साकार किया।
ये भी पढ़ें-कूड़े के पहाड़ को खत्म करने का दावा झूठा
एकता के प्रतीक सरदार पटेल
उन्होंने आगे कहा कि सरदार पटेल के अदम्य साहस, प्रशासनिक कौशल और अटूट राष्ट्रनिष्ठा ने भारत की नींव को सुदृढ़ बनाया। वे सच्चे अर्थों में भारत की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने सरदार पटेल को वह सम्मान और गरिमा दी है, जिसे पहले की कांग्रेस सरकारों ने दशकों तक उनसे वंचित रखा था। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के माध्यम से न केवल सरदार पटेल के योगदान को अमर कर दिया बल्कि नई पीढ़ी को भी उनके आदर्शों से जोड़ने का कार्य किया है।



