सीतामढ़ी: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए की रैली में महागठबंधन पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि चरण के मतदान में जंगलरात वालों को 65 वोल्ट का करंट लगा है। बिहार ने विकास और एनडीए को वोट दिया है। पीएम ने आरजेडी पर कट्टा संस्कृति फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि एनडीए सरकार शिक्षा, स्टार्टअप और रोजगार की दिशा में काम कर रही है।
मां सीता की धरती से भावनात्मक जुड़ाव
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत मां सीता की भूमि को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आना मेरे लिए सौभाग्य है। आज का दिन मुझे 8 नवंबर 2019 की याद दिलाता है, जब मैं यहां आया था और अगले ही दिन अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया था। मैंने तब सीता मैया से रामलला के पक्ष में निर्णय की प्रार्थना की थी और वह पूरी हुई। उन्होंने कहा कि मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित होगा। यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों और बेटियों का भविष्य कैसा होगा।
राहुल गांधी पर मोदी ने कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास मॉडल की मिसाल देते हुए कहा कि NDA जो वादा करती है, वो पूरा करती है। उन्होंने कहा कि कभी बिहार दूसरे राज्यों से मछली मंगवाता था, लेकिन आज यहां की मत्स्य पालन परियोजनाओं ने राज्य को आत्मनिर्भर बना दिया है। अब बिहार में बड़े-बड़े लोग मछली देखने आते हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग यहां तालाब में मछली ढूंढने आते हैं लेकिन दरअसल वे इन तालाबों में वोट ढूंढ रहे हैं। उन्हें बिहार की मिट्टी की खुशबू नहीं, सिर्फ कुर्सी की चिंता है।
RJD पर तीखा वार
प्रधानमंत्री ने RJD पर तीखा वार करते हुए कहा कि उनके नेताओं के मंचों पर मासूम बच्चों से रंगदार बनने के नारे लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार का बच्चा रंगदार बने या डॉक्टर, इंजीनियर, जज बने? पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार बिहार के युवाओं को हथियार नहीं बल्कि किताब, लैपटॉप और खेल का सामान दे रही है। अब बिहार में हैंड्स अप कहने वालों के लिए जगह नहीं है, अब यहां स्टार्टअप कहने वाले नौजवान चाहिए।
आरजेडी और कांग्रेस औद्योगिक पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार
गन्ना किसानों की चर्चा करते हुए पीएम ने कहा कि एनडीए सरकार ने इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया है ताकि किसानों को सीधा लाभ मिले। पीएम मोदी ने एनडीए की सरकार बनने पर विकास की गति को और तेज करने का वादा किया। उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर बिहार के औद्योगिक पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार ठहराया। इन लोगों ने 15 साल तक सिर्फ ताले लगाए, उद्योग बंद किए, अस्पताल और कॉलेज ठप कर दिए। जंगलराज वालों के मुंह से विकास की बातें सिर्फ सफेद झूठ हैं।
छठ पर्व को नौटंकी कहने वालों को जनता सजा देगी
पीएम मोदी ने छठ पर्व पर कांग्रेस नेता के बयान को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की माताओं-बहनों की तपस्या का पर्व है। कांग्रेस के नामदार कहते हैं कि ये ड्रामा है, नौटंकी है। ये हमारी परंपरा और संस्कृति का अपमान है। ऐसे लोगों को जनता जरूर सजा देगी।
रामायण सर्किट से जुड़ेगा सीतामढ़ी
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि हम विकास भी कर रहे हैं और विरासत को भी सम्मान दे रहे हैं। सीतामढ़ी से अयोध्या को जोड़ने वाली रामायण सर्किट परियोजना पर काम चल रहा है। सीतामढ़ी की माता सीता का मायका पुनौरा धाम अब विश्वस्तरीय तीर्थ बनेगा।



