बेतिया/पटना: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बेतिया के सिकटा विधानसभा क्षेत्र के मैनाटाड हाई स्कूल में चुनावी रैली को संबोधित किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता से वादा किया है कि पाकिस्तान में फटने वाला अगला गोला बिहार से होगा। अब गोले बिहार में बनेंगे। बिहार में बंद चीनी मिलें अगली बार फिर से खुलेंगी। पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे हैं। हम जीविका दीदियों से कहने आए हैं कि आप एनडीए की सरकार बनाइए, हम बहुत जल्द आपके खातों में 2-2 लाख रुपये भेजेंगे।
राहुल बाबा में हिम्मत नहीं
सिकटा पहुंचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने सुना है कि राहुल बाबा और लालू जी जीविका दीदियों के खाते में आए दस हजार रुपये वापस लेने की बात कर रहे हैं, तो वो सुन लें कि जब तक हम यहां हैं, राहुल बाबा और लालू जी तीन पीढ़ियों तक जीविका दीदियों से दस हजार रुपये नहीं ले सकते। इससे पहले इसी बिहार में शहाबुद्दीन की सरकार हुआ करती थी। जंगलराज हुआ करता था, जिसे एनडीए सरकार ने खत्म किया है। उसके बाद भी तेजस्वी यादव शहाबुद्दीन अमर रहे का नारा लगाते हैं, वो बिहार का क्या भला करेंगे। हमारी सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद का खात्मा किया है। 2026 में नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।
कंकड़ तक नहीं हिला सके
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया, जिसे बाबर, मुगलों और अंग्रेजों ने नष्ट कर दिया था। हालांकि, कांग्रेस और लालू यादव की पार्टी इसके निर्माण को रोक रही थी। हालांकि, नरेंद्र मोदी ने अभिषेक समारोह किया और एक भव्य राम मंदिर का निर्माण किया। इसी तरह, जब कश्मीर में धारा 370 को निरस्त किया गया, तो आतंकवादियों ने खून की नदियाँ बहाने की धमकी दी, लेकिन एक कंकड़ भी नहीं हिला सके।
ये भी पढ़ें-‘अपहरण को उद्योग बनाते हैं कांग्रेस-RJD’
मां सीता का भव्य मंदिर
देश और बिहार में एनडीए की सरकार है और विकास हो रहा है। सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बन रहा है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में सीएम और देश में पीएम का कोई पद खाली नहीं है। बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं, जबकि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। कोई पद खाली नहीं है। उन्होंने जनता से कमल का बटन इतनी जोर से दबाने का आग्रह किया कि उसका करंट इटली तक पहुंचे।
बेतिया से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट



