मुजफ्फरपुर: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुजफ्फरपुर के बिशुनपुर सरैया में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की। शाह ने विपक्षी महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस बार का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का नहीं, बल्कि बिहार को फिर से जंगलराज से बचाने का चुनाव है। 6 तारीख को मतदान है। आपका वोट किसी प्रत्याशी को विधायक या मंत्री बनाने के लिए नहीं, बल्कि बिहार को जंगलराज से बचाने के लिए होगा। ये लोग कपड़े और चेहरे बदलकर फिर वही अराजकता लाना चाहते हैं। इन्हें वापसी का मौका मत दीजिए।
जंगलराज में जो बिहार अपराधियों का गढ़ बन गया था, आज वही प्रदेश NDA सरकार में विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। बिशुनपुर, सरैया, मुजफ्फरपुर की जनसभा से लाइव… https://t.co/1TLoS2cd0f
— Amit Shah (@AmitShah) November 2, 2025
‘लालू-राबड़ी राज में अपराध फलता था’
अमित शाह ने कहा कि लालू-राबड़ी के शासन में बिहार में अराजकता और भ्रष्टाचार अपने चरम पर था। उन्होंने कहा, ‘लालू-राबड़ी के राज में गोपालगंज के डीएम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अब अगर फिर से लालू का बेटा मुख्यमंत्री बनता है तो बिहार में तीन नए मंत्रालय खुलेंगे, एक अपहरण मंत्रालय, एक रंगदारी मंत्रालय और तीसरा लूट मंत्रालय। उन्होंने कहा कि मोदी और नीतीश की सरकार ने राज्य को अपराध मुक्त बनाया और अब ‘बाढ़ मुक्त मंत्रालय’ बनाकर विकास की नई दिशा दी जाएगी।
‘लालू और सोनिया सिर्फ परिवार की चिंता में’
अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव और सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों नेताओं को देश या बिहार की चिंता नहीं है, उन्हें सिर्फ अपने परिवार की कुर्सी की चिंता है। उन्होंने कहा कि लालू चाहते हैं उनका बेटा सीएम बने और सोनिया चाहती हैं उनका बेटा पीएम बने। लेकिन दोनों की वैकेंसी खाली नहीं है। बिहार में नीतीश कुमार हैं और दिल्ली में नरेंद्र मोदी हैं। न तेजस्वी सीएम बन सकते हैं, न राहुल पीएम।’
‘लालू-राबड़ी और राहुल ने घोटाले की परंपरा निभाई’
गृह मंत्री ने विपक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, “लालू और राबड़ी ने बिहार में चारा घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला, जमीन के बदले नौकरी घोटाला किया। इनके बड़े मियां राहुल गांधी ने भी करोड़ों के नेशनल हेराल्ड घोटाले में रिकॉर्ड बनाया। छोटे मियां तो छोटे मियां, बड़े मियां सुभानअल्लाह।’
‘राम मंदिर का विरोध करने वालों से सावधान रहें’
शाह ने अपने भाषण में धार्मिक भावनाओं को भी छुआ। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस और आरजेडी ने राम मंदिर का विरोध किया। लेकिन मोदी जी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाया। अब हम सीता जी के भव्य मंदिर के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाएगी। जिन लोगों ने वर्षों तक भगवान राम और माता सीता का अपमान किया, अब चुनाव आते ही वही मंदिरों की यात्रा करने लगे हैं।’
‘राहुल बाबा घुसपैठियों की चिंता करते हैं’
शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘राहुल बाबा बिहार में घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकाल रहे हैं। जितनी यात्राएं निकालनी हैं निकाल लें, लेकिन मोदी सरकार में एक-एक घुसपैठिए को बाहर किया जाएगा। 6 तारीख को जलपान से पहले कमल और तीर के निशान पर बटन दबाइए।’
यह भी पढ़ेंः कटिहार में हुंकार भरेंगे मोदी, शहर का ट्रैफिक डायवर्ट
‘महिलाओं को सशक्त बना रही एनडीए सरकार’
शाह ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने जीविका दीदी के खातों में सीधे ₹10,000 ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने कहा कि लालू जी कह रहे हैं यह पैसा वापस ले लेंगे। लेकिन मैं कहता हूं कि वापस नहीं लिया जाएगा, बल्कि दीदीयों को ₹2-2 लाख तक का लोन और दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बिहार में 125 यूनिट बिजली फ्री की गई है, पटना में मेट्रो बन रही है, बेरोजगारों को ₹1000 का भत्ता और विधवा पेंशन में बढ़ोतरी की गई है।



