नई दिल्ली: बिहार के मोकामा सीट से सूबे में हलचल मचा दी है। मोकामा में जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के काफिले पर हमला हुआ। इसमें उनके चाचा दुलारचंद यादव को गोली लगी, जिसमें उनकी मौत हो गई। जनसुराज के नेताओं ने अनंत सिंह के समर्थकों पर आरोप लगाया है।
लगे ये आरोप
जनसुराज के प्रत्याशी का कहना है कि पीयूष प्रियदर्शी का काफिला अनंत सिंह की गाड़ी के पीछे था। इसके बाद अनंत सिंह के समर्थक अचानक गाड़ियों से निकलते हैं और लाठी-डंडों से हमला कर देते हैं। यह घटना घोसवरी की बताई जा रही। बाहुबली नेता अनंत सिंह ने इस पूरी घटना पर कहा है कि हमारी गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई है। ये सारा खेल सूरजभान सिंह का रचा हुआ है। दुलारचंद उसके यहां रहता था। दोनों साथ में थे।
ये भी पढ़ें-नालंदा में राहुल बोले- नीतीश को कंट्रोल कर रहे PM मोदी
क्या बोला मृतक का पोता
इधर जनसुराज ने कहा है कि दुलार चंद यादव कभी उनकी पार्टी के सदस्य नहीं रहे। वे मोकामा में हमारे उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे। मृतक दुलारचंद के चचेरे भाई रविरंजन कुमार ने बताया, “हमें अनंत सिंह की तरफ़ से बार-बार जान से मारने की धमकियाँ मिल रही थीं। अनंत सिंह आज आए थे। हमारे गोतिया प्रमुख उनके साथ बैठे थे। मुझे नहीं पता कि उन्होंने मिलकर क्या योजना बनाई थी।
वे दोनों यहाँ से चले गए। अनंत सिंह का भतीजा भी कुल प्रमुख के साथ कार में था, लेकिन हम उसका चेहरा साफ़ नहीं देख पाए। थोड़ी देर बाद, 15-20 लोग आए और मेरे दादा को गोली मार दी। फिर वे भी कार में सवार हो गए। हम वहाँ जाने से डर रहे थे।”
चश्मदीद का बयान
घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि हम लोग पीयूष प्रियदर्शी के काफिले में 10 गाड़ी पीछे थे। सामने से अनंत सिंह का काफिला आया। जैसे ही दोनों काफिले पास हुए, अनंत सिंह के समर्थकों ने हमला शुरू कर दिया। गाड़ियों के कांच तोड़े, लाठी-डंडों से मारपीट की।
जनसुराज की सफाई
जनसुराज पार्टी ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि मृतक दुलारचंद यादव हमारी पार्टी के सदस्य नहीं थे, लेकिन मोकामा में हमारे उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे। पार्टी ने घटना की सीबीआई या विशेष जांच दल (SIT) से जांच की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घोसवारी थाने की पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।



