CBSE बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू, देखें डेटशीट

सीबीएसई ने 2026 बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट 110 दिन पहले जारी की। 10वीं परीक्षा 17 फरवरी से 10 मार्च और 12वीं परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक होगी। इस बार 45 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल।

Share This Article:

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 110 दिन पहले ही डेटशीट जारी कर दी है, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। छात्र अब सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर सब्जेक्ट वाइज डेटशीट (CBSE Datesheet 2026) डाउनलोड कर सकते हैं।

17 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

जारी डेटशीट के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक और कक्षा 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षाएं विषय के अनुसार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे या 1:30 बजे तक होंगी।

45 लाख विद्यार्थी देंगे सीबीएसई बोर्ड परीक्षा

सीबीएसई के मुताबिक, इस बार भारत समेत 26 अन्य देशों के लगभग 45 लाख विद्यार्थी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। कुल 204 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने बताया कि लिखित परीक्षा के साथ-साथ प्रैक्टिकल और मूल्यांकन कार्य भी तय समय पर पूरा किया जाएगा, ताकि परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।

पहली बार परीक्षा से 110 दिन पहले डेटशीट जारी

सीबीएसई ने कहा कि परीक्षा कार्यक्रम को पहले से जारी करने का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और स्कूलों को बेहतर योजना और तैयारी का अवसर देना है। कक्षा 9वीं और 11वीं के रजिस्ट्रेशन डेटा के आधार पर परीक्षा शेड्यूल तैयार किया गया है।
यह पहली बार है जब सीबीएसई ने परीक्षा से पूरे 110 दिन पहले डेटशीट जारी की है, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन रणनीति बनाने और पुनरावृत्ति के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

डेटशीट तैयार करते समय इन बातों का रखा गया ध्यान

सीबीएसई ने बताया कि परीक्षा शेड्यूल तैयार करते समय कई बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है:-

  • विद्यार्थियों के दो विषयों की परीक्षा के बीच पर्याप्त अंतराल (गैप) रखा गया है, ताकि वे तैयारी कर सकें।
  • कक्षा 12 के विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड परीक्षा समय से पहले समाप्त करने की योजना बनाई गई है।
  • मूल्यांकन के दौरान सभी विषयों के शिक्षक एक साथ या लंबे समय तक अपने विद्यालय से दूर न रहें, इसका भी ध्यान रखा गया है।
  • करीब 40,000 विषय संयोजनों को ध्यान में रखकर डेटशीट बनाई गई है, ताकि किसी विद्यार्थी के दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े।

मूल्यांकन और परिणाम की प्रक्रिया

सीबीएसई ने बताया कि दिशानिर्देशों के अनुसार, आंसर-शीट्स का मूल्यांकन प्रत्येक विषय की परीक्षा के लगभग 10 दिन बाद शुरू किया जाएगा और 12 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे बोर्ड को परिणाम समय पर घोषित करने में आसानी होगी।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली की देवली विधानसभा की सभी समस्याएं होंगी हल

छात्रों को मिला तैयारी का बड़ा मौका

बोर्ड की इस समयपूर्व घोषणा से छात्रों और शिक्षकों में राहत की भावना देखी जा रही है। अब छात्र अपनी परीक्षा रणनीति को व्यवस्थित कर सकते हैं और कमजोर विषयों पर अधिक समय दे सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहल छात्रों को तनाव मुक्त और योजनाबद्ध तैयारी में मदद करेगी।

Sandeep Kumar

sandeepx4a@gmail.com

संदीप कुमार एक अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें समाचार जगत में 14 साल से ज्यादा काम किया है। इन्हें गहन शोध, सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने ETV Bharat, Hyderabad में साढ़े पाँच वर्षों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम खबरों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने Network 10, TOTAL News, MH1 समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी पत्रकारिता का कौशल साबित किया। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर पकड़ मजबूत है। इस समय newG india में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.