नई दिल्ली: बिहार चुनाव में सबसे हॉट टॉपिक बनी हुई हैं जीविका दीदियां। तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है तो जीविका दीदियों को परमानेंट करके उनकी सैलरी 10 हजार से बढ़ाकर 30 हजार कर दिया जाएगा। इससे पहले नीतीश कुमार बिहार की 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते में जीविका दीदी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर कर चुके हैं। तेजस्वी के एक्टिव होने के बाद इसी चर्चा होने लगी कि बिहार चुनाव में महिला वोटर्स को अपने पक्ष में करने की होड़ क्यों है? आइये इसके सियासी मायने समझते हैं-
महिला वोटर्स निर्णायक
नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1.21 करोड़ महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेज चुकी है। तेजस्वी ने भी माई-बहन योजना के तहत सरकार बनने पर महिलाओं से हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया है। अब जीविका दीदियों पर बड़ा ऐलान किया है। सभी पार्टियों की नजर महिला वोट बैंक पर है। राजद ने इस बार अपने कोटे से 24 महिला प्रत्याशियों को उतारा है। कांग्रेस ने 5 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। NDA में बीजेपी और जदयू की तरफ से 13-13 महिलाओं को टिकट दिया गया है। चिराग और उपेंद्र कुशवाहा ने अपने कोटे से 6 महिलाओं को टिकट दिया है। इसमें कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता भी शामिल हैं। जीतन राम मांझी ने 2 महिलाओं को टिकट दिया है, हालांकि ये दोनों महिलाएं उनके परिवार की ही हैं।
महिला ज्यादा करती हैं वोट
2020 के चुनाव में महिलाओं का वोटर टर्नआउट पुरुषों से 5 प्रतिशत ज्यादा था। बिहार की 59.7% महिलाओं ने वोट डाले तो पुरुषों में यह प्रतिशत 54.6 रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की महिला वोटर्स को साइलेंट वोटर बता चुके हैं। सीएम नीतीश कुमार को हर चुनाव में महिला वोटर्स ने साथ दिया है। इसकी सबसे बड़ी वजह थी शराबबंदी व अन्य योजनाएं, जो उन्होंने महिलाओं के विकास के लिए लागू किये।
ये भी पढ़ें-कांग्रेस ने डाले हथियार!, तेजस्वी को बनाया CM फेस, साहनी होंगे डिप्टी सीएम
नीतीश की बड़ी योजनाएं-
- मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना- 9वीं में जाने पर छात्राओं को साइकिल के लिए 3 हजार मिलते हैं।
- मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना- कक्षा 1 से 12वीं तक की छात्राओं को पोशाक के लिए रुपये मिलते हैं।
- मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना- इस योजना में लड़की के जन्म पर 5 हजार, 10वीं पास करने पर 15 हजार, 12 वीं पास करने पर 25 हजार और ग्रेजुएशन करने पर 50 हजार रुपये दिए जाते हैं।
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना- इसमें गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए सरकार 50 हजार रुपये की मदद करती है।



