बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। बरौनी-कटिहार रेल खंड के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के उमेशनगर स्टेशन के ढाला के पास डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। यह हादसा तब हुआ जब ये सभी लोग काली पूजा का मेला देखकर अपने गांव लौट रहे थे।
रेल पटरी से गुजरने के कारण हादसा
घटना साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के रहूआ गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि रहूआ गांव जाने के लिए लोग अक्सर रेल लाइन की पटरी से होकर गुजरते हैं, जो एक आम रास्ता बन गया है। बुधवार देर रात, रहूआ गांव के रहने वाले एक ही परिवार के कुछ लोग रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली पूजा का मेला देखकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान, उमेशनगर स्टेशन के ढाला के समीप ये सभी डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान:-
- धर्मदेव महतो (लगभग 40 वर्षीय, पुत्र किशुन महतो)
- रीता देवी (लगभग 35 वर्षीय, पत्नी मदन महतो)
- रौशनी कुमारी (14 वर्षीय, पुत्री मदन महतो)
- आरोही कुमारी (लगभग 7 वर्षीय, पुत्री नीतीश कुमार)
क्षेत्र में मातम का माहौल
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में मायूसी छा गई। मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही साहेबपुरकमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
यह भी पढ़ेंः नालंदा में छठ पर्व से पहले मातम, तीन किशोरों सहित चार की मौत
जनप्रतिनिधियों और नेताओं की प्रतिक्रिया
स्थानीय जनप्रतिनिधि गोरे लाल यादव ने बताया कि सभी लोग हर साल लगने वाले काली पूजा का मेला देखकर रेल की पटरी के बगल से गुजर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आ गई और चार लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के वक्त और भी लोग उधर से गुजर रहे थे।
सीपीएम के नेता अंजनी कुमार सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे दुखद बताया। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की है कि मरने वालों के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं, साहेबपुरकमाल थाना के थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने घटना की पुष्टि की है।



