छठ पर यमुना होगी निर्मल, न झाग होगा और न ही प्रदूषण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को कालिंदी कुंज स्थित यमुना किनारे पहुंची। यहां उन्होंने लैब से मिली यमुना के पानी की गुणवत्ता जांची और संतोष व्यक्त किया

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज कालिंदी कुंज (मदनपुर खादर) क्षेत्र में यमुना नदी की सफाई और झाग नियंत्रण की तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वहां यमुना के पानी की जांच के लिए कार्य कर रहे ऑन-साइट लैब सेटअप की रिपोर्ट की भी जांच की और नदी के पानी की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। यह लैब दिल्ली जल बोर्ड के ट्रीटमेंट प्लांट एंड क्वालिटी कंट्रोल विंग के तहत कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री का कहना था कि कुछ लोग यमुना की स्थिति को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिनसे बचना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने फिर दोहराया कि छठ पर्व के दौरान यमुना में इस बार झाग नहीं दिखाई देगा और श्रद्धालु यमुना नदी में पूरे मनोयोग से इस पर्व को मनाएंगे।

यमुना में ऑक्सीजन की मात्रा 4.0 मिलीग्राम प्रति लीटर पाई गई

मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में विकास व पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी थे। यमुना नदी के पानी की जांच व अन्य जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि आज यमुना नदी के जल में घुली ऑक्सीजन की मात्रा 4.0 मिलीग्राम प्रति लीटर पाई गई। यह मात्रा नदी के लिए पर्याप्त है और जलीय जीवों के जीवन के लिए उपयुक्त मानी जाती है। यह मात्रा अगर 2 या उससे नीचे हो तो यमुना व जलजीवों के लिए खतरा बन सकती है। मुख्यमंत्री के अनुसार एक समय था, जब यमुना में ऑक्सीजन लेवल शून्य से भी नीचे चला गया था और उस स्थिति में किसी भी जलीय जीव का जीवित रहना असंभव था। आज जो सुधार देखा जा रहा है, वह दिल्ली में लगातार डीसिल्टिंग, आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) के पुनरुद्धार और नालों के टैपिंग से संभव हुआ है।

फॉस्फेट का स्तर, 0.2 एमजी प्रति लीटर दर्ज

मुख्यमत्री ने बताया कि यमुना नदी के जल की गुणवत्ता की लगातार जांच हो रही है। यमुना नदी में फॉस्फेट का स्तर, जो झाग बनने का मुख्य कारण होता है, वह अब केवल 0.2 दर्ज किया गया है, जबकि इसके 2 पॉइंट से ऊपर होने पर झाग बनना शुरू हो जाते हैं। यमुना में अमोनिया का स्तर भी अब बहुत कम हो गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यमुना में झाग नियंत्रण के लिए उपयोग किए जाने वाले डी-फॉर्मर और अन्य रासायनिक प्रक्रियाएं पूरी तरह से इको-फ्रेंडली और प्रमाणित हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी रसायन पर्यावरण, जल जीवन और जलीय जीवों के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। दिल्ली सरकार हर कदम पर पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कर रही है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पिछले साल तक एक-एक मीटर ऊंचे झाग बनते थे

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि यह वही क्षेत्र है जहां पिछले साल तक एक-एक मीटर ऊंचे झाग बनते थे और छठ व्रतियों को उसी झाग में खड़े होकर पूजा करनी पड़ती थी। अब हमारी सरकार के कार्यकाल में की गई व्यवस्थाओं और तैयारियों के कारण आज यहां किसी भी प्रकार का झाग या गंदगी दिखाई नहीं दे रही है । उन्होंने कहा कि आज यमुना का जल स्पष्ट रूप से स्वच्छ और झाग-मुक्त है। दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि इस वर्ष छठ पर्व भव्य और दिव्य रूप से मनाया जा सके, ताकि श्रद्धालु स्वच्छ जल में खड़े होकर श्रद्धा और भक्ति के साथ सूर्य भगवान को अर्घ्य दे सकें। मुख्यमंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सैकड़ों कर्मचारी और अधिकारी दिन-रात यमुना की सफाई में जुटे हैं। यह प्रयास सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों के सहयोग से यमुना को पुनर्जीवित करने का सामूहिक अभियान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे फर्जी वीडियो या पुराने फुटेज से भ्रमित न हों, बल्कि वर्तमान स्थिति को स्वयं देखें और समझें।

श्रद्धा व भव्यता के साथ छठ महापर्व मनेगा

निरीक्षण के दौरान विकास व पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली की संस्कृति और परंपरा ही उसकी असली पहचान है और इन्हें सशक्त बनाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी प्रतिबद्धदा के साथ, हमारी सरकार छठ महापर्व के आयोजन की तैयारियों में प्रभावी, निरंतर और तेजी से कदम बढ़ा रही है। आने वाले दिनों में दिल्ली पूर्ण श्रद्धा व भव्यता के अनुरूप छठ महापर्व की साक्षी बनेगी।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.