नई दिल्ली: दिवाली, भैया दूज, छठ और काली पूजा नजदीक आ रही है। पुरानी दिल्ली के बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। खास तौर प चांदनी चौक, लाल किला गौरी शंकर मंदिर के सामने, टाउन हाल चौक, फतेहपुरी मस्जिद, लाहौरी गेट, कुतुब रोड़ चौक, बारा टूटी चौक, हौज काजी में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही हैं। फुटपाथों पर गैर कानूनी रूप से दीयों, रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों और सजावटी वस्तुओं की अस्थायी दुकानों की कतारें लग चुकी हैं। जिससे बाजारों पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इसके मद्देनजर चाँदनी चौक नागरिक मंच ने सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से त्योहारी मौसम में क्षेत्र में दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों को तैनात करने का अनुरोध किया है। ताकि किसी अनहोनी से जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
चाँदनी चौक नागरिक मंच के महामंत्री एवं दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दशकों से दिवाली जैसे बड़े त्योहार से पहले लाल किला चाँदनी चौक से बारा टूटी सदर बाजार तक फैले पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों में भारी भीड़भाड़ रहती है। लेकिन इस वर्ष क्षेत्र के चारों तरफ आम आदमी पार्टी के विधायकों एवं पार्टी के पार्षदों के संरक्षण में पूरी पुरानी दिल्ली के व्यपारिक क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर अल्पसंख्यक समाज के एक गैंग द्वारा पटरियों एवं सड़कों पर अतिक्रमण करवा कर अवैध बाजार लगाने की अभूतपूर्व समस्या खड़ी कर दी गई है।
पटरी माफिया का आतंक पहले कभी नहीं देखा गया
प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि इससे पहले भी पुरानी दिल्ली में त्योहारों पर अवैध बाजार लगते थे पर इस वर्ष जैसा पटरी माफिया का आतंक पहले कभी नही देखा गया। समस्या की गंभीरता को देखते हुए चाँदनी चौक नागरिक मंच के महामंत्री ने इस संदर्भ में मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता से बात कर कहा है की यूं तो अवैध पटरी बाजार हटने चाहिए पर क्षेत्र के नागरिक एवं व्यापारिक संगठनों को ज्यादा चिंता व्यपारिक प्रतिष्ठानों एवं रिहायशी घरों की सुरक्षा की है, इसलिए सरकार उस पर भी ध्यान दे।
आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की टीम का बाजार तक पहुंचा असंभव
भाजपा नेता ने बताया कि आज स्थिती इतनी खराब है की आग लगने या अन्य किसी आपात स्थिती में समय पर फायर ब्रिगेड, एन.डी.आर.एफ. दल या एम्बुलेंस की गाड़ियों का बजारों तक पहुंचना असम्भव है। कपूर ने मुख्यमंत्री से मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से तुरंत हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। साथ ही सलाह भी दी है कि वह निम्नलिखित 7 प्रमुख स्थानों पर फायर टेंडर एवं एम्बुलेंस सेवा के साथ एन.डी.आर.एफ. टीमों की तैनाती के आदेश दें।
1. लाल किला गौरी शंकर मंदिर के सामने
2. चाँदनी चौक टाउन हाल चौक पर
3. फतेहपुरी मस्जिद के बाहर
4. लाहौरी गेट चौक पर
5. कुतुब रोड़ चौक पर
6. बारा टूटी चौक पर
7. हौज काज़ी चौक पर
इसी के साथ पुरानी दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाये ताकि लाल किला रोड़, एस.पी. मुखर्जी मार्ग, एच.सी. सेन रोड़, खारी बावली, सदर बाजार और चावड़ी बाजार आदि में ट्रैफिक जाम निजात मिल सके।



