नई दिल्ली: देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन अब यात्रियों के लिए और अधिक सुविधाजनक हो गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे स्टेशन पर एक स्थायी यात्री सुविधा केंद्र (Passenger Facilitation Centre) का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य उन यात्रियों को आरामदायक स्थान प्रदान करना है, जो बिना आरक्षण (Unreserved) यात्रा करते हैं और प्लेटफॉर्म पर भीड़ में फंस जाते हैं।
इस मौके पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नए विकसित अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र त्योहारों के मौसम में यात्रियों को सुविधा प्रदान करेंगे क्योंकि इस समय यात्रियों की संख्या में वृद्धि होती है। इस प्रकार के यात्री सुविधा केंद्र देश के अन्य स्टेशनों पर भी बनाए जाएंगे।
नई दिल्ली स्टेशन, जहाँ पर भीड़ का अचानक सर्ज आता है, इसके लिए 2 साल पहले टेंपरेरी होल्डिंग एरिया का एक्सपेरिमेंट किया गया था। उस एक्सपेरिमेंट से आने वाले पैसेंजर्स को बहुत लाभ हुआ। अब एक पर्मानेंट एरिया- यात्री सुविधा केंद्र बना लिया गया है: माननीय रेल मंत्री @AshwiniVaishnaw जी pic.twitter.com/cvfhIUNFvH
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) October 11, 2025
आपको बता दें कि यात्री सुविधा केंद्र को यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है। 2,860 वर्ग मीटर में फैला एक टिकटिंग क्षेत्र, 1,150 वर्ग मीटर में फैला एक टिकटिंग के बाद का और 1,218 वर्ग मीटर में फैला एक टिकटिंग से पहले का हिस्सा। इसक सुविधा केद्र को टर्मिनल में भीड़ को कम करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है।
मुख्य विशेषताऐं:-
- टिकटिंग: 22 आधुनिक टिकट काउंटर और 25 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम)।
- क्षमता और आराम: 200 यात्रियों के बैठने की क्षमता और 18 पंखे लगाए गए हैं।
- प्रसाधन की सुविधा: 652 वर्ग मीटर में निर्मित एक समर्पित शौचालय ब्लॉक, साथ ही आरओ आधारित पेयजल।
- सूचना एवं सुरक्षा: 24 स्पीकरों के साथ एक यात्री घोषणा प्रणाली, तीन एलईडी इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन सूचना डिस्प्ले और आधुनिक अग्निशमन प्रणाली की 7 इकाइयां।
- सुरक्षा: 18 सीसीटीवी कैमरे, 5 सामान स्कैनर और 5 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) सहित अत्याधुनिक सुरक्षा उपाय।
उत्तर रेलवे ने निर्माण के दौरान कई चुनौतियों को बड़ी सफलता से पूरा किया। इनमें एटीएम, दिल्ली पुलिस केबिन और होर्डिंग बोर्ड को हटा कर दूसरी जगह लगाना था। इसके अलावा, पानी की पाइपलाइन, जल निकासी सिस्टम और ऑप्टिकल फाइबर केबल जैसी जरूरी सेवाओं को बहुत सावधानी से बिना किसी रुकावट के स्थानांतरित किया गया।
यह भी पढ़ेंः भारत-TEPA व्यापार समझौता लागू, 10 लाख नौकरियों का अवसर
रेलवे ने फुट ओवर ब्रिज 1 (एफओबी 1) का विस्तार भी पूरा किया है। इस नए विस्तार से यात्रियों को अब ट्रेन से उतरकर सीधे मेट्रो स्टेशन तक जाने की सुविधा मिलेगी। इससे मेट्रो और ट्रेन के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और प्लेटफॉर्म पर भीड़ भी कम होगी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री के साथ रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस पूरी परियोजना की योजना और काम की जानकारी दी। यह निरीक्षण दिखाता है कि रेलवे मंत्रालय यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएँ देने के लिए लगातार काम कर रहा है।



