मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया। स्टारमर अपने पहले आधिकारिक दौरे पर भारत आए हैं, और इस यात्रा को भारत-ब्रिटेन संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करने वाला माना जा रहा है। पीएम मोदी ने इस दौरे को लेकर उत्साह जताया और दोनों देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की उम्मीद जताई।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा ‘ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का उनकी पहली ऐतिहासिक भारत यात्रा पर स्वागत है। वे ब्रिटेन के अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ आए हैं। कल हमारी मुलाकात में हम एक मजबूत और समृद्ध भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।’
Welcome Prime Minister Keir Starmer on your historic first visit to India with the largest ever trade delegation from the UK. Looking forward to our meeting tomorrow for advancing our shared vision of a stronger, mutually prosperous future. @Keir_Starmer pic.twitter.com/Sv29sZ6dzj
— Narendra Modi (@narendramodi) October 8, 2025
कीर स्टारमर का भव्य स्वागत
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्टारमर का स्वागत महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजीत पवार ने किया। भारतीय परंपराओं के साथ हुए इस स्वागत ने मेहमाननवाजी की गर्मजोशी को दर्शाया। इस मौके पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का भारत में हार्दिक स्वागत है। यह उनकी पहली भारत यात्रा है, जो भारत-यूके साझेदारी में एक नई शुरुआत का प्रतीक है।
व्यवसायी नेताओं से मुलाकात की और सेल्फी ली
मुंबई पहुंचते ही स्टारमर ने वित्तीय राजधानी के प्रमुख व्यवसायी नेताओं और उद्योगपतियों से मुलाकात की। इस दौरान एक हल्का-फुल्का पल तब आया जब वे ताजमहल पैलेस होटल में एक पुराने डिस्पोजेबल कैमरे से सेल्फी लेते नजर आए। यह पल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा और स्टारमर की सादगी को दर्शाता है।
स्टारमर अपने साथ 125 लोगों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल लेकर आए हैं, जिसमें बड़े उद्यमी, सीईओ, विश्वविद्यालयों के कुलपति और सांस्कृतिक क्षेत्र की हस्तियां शामिल हैं। यह दल भारत में निवेश और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के लिए उत्साहित है।
यह भी पढ़ेंः IMC 2025: PM मोदी ने कहा- भारत में 1 GB डेटा की कीमत एक कप चाय से कम
9 अक्टूबर को होगी अहम बैठक
9 अक्टूबर को मुंबई में पीएम मोदी और स्टारमर की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस दौरान दोनों नेता ‘विजन 2035’ के तहत भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का जायजा लेंगे। यह 10 साल का रोडमैप व्यापार, निवेश, तकनीक, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, जलवायु, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित है। दोनों नेता भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) पर भी चर्चा करेंगे, जो भविष्य में दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी का आधार बनेगा। इसके अलावा, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा।



