भागलपुर: चुनाव की घोषणा के बाद बिहार में पहली चुनावी सभा को संबोधित करने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को भागलपुर पहुंच रहे हैं। तेजस्वी यादव कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए राजद के संभावित प्रत्याशी रजनीश यादव के पक्ष में सभा को संबोधित करेंगे। हालांकि 2020 चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ा था अब राजद दावेदारी पेश कर रहा है।
भागलपुर के कहलगांव विधानसभा सीट को लेकर राजद और कांग्रेस के बीच सहमति न बनने के बीच गोराडीह के बीरनौध प्राथमिक विद्यालय मैदान में आज तेजस्वी यादव की सभा आयोजित हो रही है। यह सभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजद के लिए इस क्षेत्र में अपनी दावेदारी को मजबूत करने और गठबंधन में स्थिति स्पष्ट करने का अवसर है. इसे गठबंधन में सीट बंटवारे पर राजद की मुहर लगाने वाला आयोजन माना जा रहा हैं।
खास बात यह है कि संजय यादव, जो झारखंड सरकार में मंत्री हैं और लंबे समय से राजद से जुड़े रहे हैं, इस सीट से अपने बेटे रजनीश यादव को चुनाव लड़वाना चाहते हैं। इस कारण उन्होंने पूरी ताकत लगा दी है ताकि इस सभा के माध्यम से यह संदेश दिया जा सके कि उनकी स्थिति इस क्षेत्र में मजबूत है। गांव-गांव से लोगों को लाने और लेजाने की व्यवस्था की गई है। माना जा रहा है यह सभा केवल आयोजन नहीं, बल्कि गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे और राजद के दावे को राजनीतिक मुहर देने वाला एक निर्णायक मंच है।



