नई दिल्ली: तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित इंडियन रेसिंग फेस्टिवल (IRF) 2025 के तीसरे राउंड की शुरुआत रोमांचक अंदाज में हुई। जापान के युवा ड्राइवर इट्सुकी साटो ने शनिवार को फॉर्मूला 4 इंडियन चैंपियनशिप की पहली रेस में (Indian Racing Festival 2025) शानदार जीत दर्ज की। साटो ने 24 लैप्स का सफर 27 मिनट 10.989 सेकंड में पूरा किया और रेस को लगभग 20 सेकंड के बड़े अंतर से अपने नाम किया।
भारत में साटो की पहली जीत
यह साटो का भारत में पहला रेस वीकेंड था, और उन्होंने अहमदाबाद एपेक्स रेसर्स टीम की ओर से अपने डेब्यू में ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। दूसरे स्थान पर मोजाम्बिक के घाजी मोटलेकर (कोलकाता रॉयल टाइगर्स) रहे, जबकि भारत के सैशिवा संकरन (स्पीड डेमोंस दिल्ली) ने तीसरा स्थान हासिल किया। रेस के बाद साटो ने कहा, “यह मेरे लिए एक चुनौतीपूर्ण ट्रैक था, क्योंकि जापान के ट्रैक्स की तुलना में यहां ग्रिप कम थी। फिर भी मैंने अपने मौके का पूरा फायदा उठाया। यह भारत में मेरी शानदार शुरुआत है। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल वे सिर्फ इस सप्ताहांत के लिए भारत आए हैं, और अगले राउंड में भाग लेने का फैसला जल्द लेंगे।
एलजीबी F4 रेस में मेहुल अग्रवाल की धमाकेदार जीत
एलजीबी F4 रेस 1, जो पूरी तरह भारतीय ड्राइवरों के बीच हुई, में डार्क डॉन रेसिंग के मेहुल अग्रवाल ने पोल पोजीशन से शुरुआत करते हुए जीत हासिल की। यह रेस 15 लैप्स की थी, जिसमें ध्रुव गोस्वामी (एमस्पोर्ट) दूसरे और आदित्य पटनायक (डार्क डॉन रेसिंग) तीसरे स्थान पर रहे। जीत के बाद मेहुल ने कहा, “मैं भारत की सबसे बेहतरीन टीम के लिए रेस कर रहा हूं। कार की परफॉर्मेंस शानदार है, और मैं बस उसी हिसाब से ड्राइव कर रहा हूं। हमारी टीम पिछले 13 साल से डोमिनेट कर रही है, और उम्मीद है कि इस बार भी हम चैंपियनशिप जीतेंगे।” उन्होंने अपने रेस डे रूटीन के बारे में भी बताया, “सुबह फल खाता हूं, भगवान से प्रार्थना करता हूं, पिता को गले लगाता हूं और फिर ट्रैक पर पूरी स्पीड से उतर जाता हूं।”
इंडिया रेसिंग लीग में काइल कुमरन का जलवा
इंडिया रेसिंग लीग (IRL) की रेस 1 में किच्छा किंग्स बैंगलोर के काइल कुमरन ने 22 लैप्स 26 मिनट 34.556 सेकंड में पूरे कर जीत दर्ज की। उनके ठीक पीछे ब्लैक बर्ड्स हैदराबाद के अखिल रबिंद्र 2.299 सेकंड के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, स्विट्जरलैंड के अनुभवी ड्राइवर नील जानी, जो किच्छा किंग्स के लिए दौड़े, तीसरे स्थान पर रहे।
अगले राउंड्स गोवा और मुंबई में होंगे
- IRF 2025 का अगला चरण गोवा और मुंबई में आयोजित होगा, जहां भारत में पहली बार स्ट्रीट सर्किट रेसिंग देखने को मिलेगी। दर्शक यहां सार्वजनिक सड़कों पर रेसिंग का रोमांच देख पाएंगे, जिससे बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने की उम्मीद है।
- फिलहाल कोयंबटूर इवेंट में मीडिया और अधिकारी तो मौजूद रहे, लेकिन दर्शकों की संख्या सीमित रही। रविवार, 5 अक्टूबर को करी मोटर स्पीडवे में राउंड 3 का दूसरा दिन आयोजित होगा, जहां कई और दिलचस्प मुकाबले होने की उम्मीद है।
- जापानी ड्राइवर साटो की यह जीत न केवल उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि भारत में अंतरराष्ट्रीय रेसिंग को नई ऊंचाई देने का संकेत भी है। आने वाले राउंड्स में मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है।



