नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक स्थानीय कांग्रेस नेता लखपत सिंह कटारिया (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या की वारदात लगभग 9.30 बजे बेगमपुर के समीप इलाके में हुई। पुलिस को कॉलर ने बताया कि बाइक सवार दो हमलावरों ने पहले लखपत सिंह को रोका और उन्हें गोली मार दी। लखपत सिंह को तीन गोलियां लगीं। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। कांग्रेस नेता को अस्पताल ले जाया गया इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई कोणों से जांच की जा रही है। लखपत सिंह प्रापर्टी डीलर का काम करते थे और कांग्रेस के स्थानीय नेता थे।
डीसीपी ने बताया
पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, ”पुलिस को 9:53 पर विजय मंडल पार्क में गोली चलने की सूचना मिली थी। पार्क में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित के परिवार वालों से संपर्क करके छानबीन किया जा रहा है।
मॉर्निंग वाक पर आए थे
वहीं, पार्क में मौजूद एक गार्ड देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिनको गोली मारी गई, वह रोजाना मॉर्निंग वॉक पर आते थे। शुक्रवार सुबह भी वह पार्क में पहुंचे, तो किसी से उनकी कहासुनी हुई थी। आरोपी ने पहले उसने बैट से हमला किया, फिर उसके बाद गोलियां चला दी। उनके जानकारों का कहना, है कि किसी से उनका विवाद भी हुआ था। आज उन पर पहले डंडे से हमला किया गया, फिर गोली मारी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गए।



