नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र के पॉश बड़ी पहाड़ी मोहल्ले में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। असम फर्नीचर के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही देर में दुकान का अधिकांश हिस्सा लपटों की चपेट में आ गया।

दूर तक दिखाई दीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें और उठता हुआ धुआं इतनी दूर तक दिखाई दे रहा था कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोग अपने घर छोड़कर सड़क पर निकल आए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की चपेट में शोरूम के बाहर खड़ी एक कार और बगल में स्थित एसबीआई बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) भी आ गया।
तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक शोरूम के अंदर रखी कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसमें रखा गैस सिलेंडर भी फट गया और जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई।
विश्वकर्मा पूजा के बाद शोरूम में हुआ था हवन
दुकान संचालक संतोष कुमार ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के बाद शोरूम में हवन का आयोजन किया गया था। पूजा संपन्न होने के बाद उन्होंने दुकान बंद कर दी थी। देर रात जब इलाके के लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठते देखीं तो उन्हें इसकी जानकारी दी। अनुमान लगाया जा रहा है कि हवन की चिंगारी से ही आग भड़की और धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया।
अग्निकांड में 35-40 लाख का नुकसान
इस घटना में करीब 35 से 40 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। महंगे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कार सबकुछ जलकर खाक हो गया।
ये भी पढ़ें- लखनऊ: स्टार्टअप कॉन्क्लेव में दिखा आधुनिक विज्ञान और परंपरागत ज्ञान का मेल
वहीं, मामले पर लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने कहा कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेज दी गई थीं। दुकानदार द्वारा इस संबंध में लिखित आवेदन दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचतीं तो आग और भी विकराल हो सकती थी और आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ जाते। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं।



