IND-A vs AUS-A: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया तैयार

भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू हो रही है। श्रेयस अय्यर, ध्रुव जुरेल और साई सुदर्शन के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें होंगी, जो सीनियर टीम में वापसी की कोशिश करेंगे।

Share This Article:

नई दिल्ली: भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए (India-A vs Australia-A) के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज मंगलवार से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। इस सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer), उपकप्तान व विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) पर खास नजरें होंगी। इन तीनों खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज सीनियर टीम इंडिया (Team India) में वापसी और चयन की संभावनाओं को मजबूत करने का सुनहरा अवसर है। एशिया कप के बाद भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज (Test Series 2025) खेलनी है, जिसमें इन खिलाड़ियों को जगह मिल सकती है।

पिछले साल ऑस्ट्रेलिया-ए का दबदबा

2024 में हुई पिछली सीरीज में ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत को 2-0 से हराया था। उस दौरान राकीकाली और कोंस्टास की शानदार बल्लेबाजी तथा बो वेबस्टर की धारदार गेंदबाजी ने भारतीय टीम को दबाव में डाल दिया था। हालांकि ध्रुव जुरेल और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था और इसी के दम पर उन्हें सीनियर टीम में भी मौका मिला था।

इकाना स्टेडियम देगा भारत-ए को बढ़त

इस बार हालात अलग हैं। इकाना स्टेडियम की परिस्थितियां भारतीय टीम के अनुकूल हैं। अय्यर, जुरेल, अभिमन्यु ईश्वरन, देवदत्त पडिक्कल, खलील अहमद और अन्य खिलाड़ियों ने यहां कई मुकाबले खेले हैं और पिच की बारीकियों को भली-भांति समझते हैं। यही अनुभव उन्हें मानसिक बढ़त देगा।

इकाना की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद करती है। शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण होते हैं, लेकिन इसके बाद रन बनाना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित नजर आ रही है। ऐसे में मेजबान टीम के लिए जीत की संभावना मजबूत दिख रही है।

ऑस्ट्रेलिया-ए की युवा चुनौती

ऑस्ट्रेलिया-ए की टीम भले ही अनुभवहीन लगे, लेकिन उसमें कई युवा खिलाड़ी हैं जो एशेज सीरीज से पहले सीनियर टीम में जगह बनाने का सपना देख रहे हैं। सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, कूपर कोनोली और टाड मर्फी जैसे क्रिकेटर भारतीय टीम को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं।

भारतीय टीम संयोजन

भारत-ए स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, एन. जगदीसन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बदोनी, नितीश कुमार रेड्डी, तनुष कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, जी. बराड़, खलील अहमद, मानव सुथार, यश ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया-ए टीम संयोजन

ऑस्ट्रेलिया-ए स्क्वॉड: जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, आरोन हार्डी, कैंपबेल केलावे, सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, लांस मारिस, टाड मर्फी, फर्गस ओ’नील, ओलिवर पीक, जोश फिलिप, कोरी रोचिचियोली, लियाम स्काट।

नतीजे पर टिकी नजरें

भारत-ए को अपने घरेलू मैदान का लाभ मिलेगा तो वहीं ऑस्ट्रेलिया-ए अपनी पिछली जीत को दोहराना चाहेगा। यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच साबित होगी, जो आने वाले दिनों में सीनियर टीम का हिस्सा बन सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहने वाला है।

Sakshi Pal

sakshipal8700@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.