बिहार में भाजपा का डिजिटल दम, मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान ने मचाई धूम

बिहार भाजपा ने मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान शुरू किया है। इसका लक्ष्य हर विधानसभा क्षेत्र से 10000 डिजिटल योद्धा तैयार करना है जो मोदी सरकार और बिहार एनडीए सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएंगे।

Share This Article:

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने डिजिटल राजनीति की नई पारी शुरू की है। पटना के रविंद्र भवन में आयोजित एक समारोह में भाजपा बिहार सोशल मीडिया प्रकोष्ठ और आईटी विंग ने ‘मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अभियान का लक्ष्य है हर विधानसभा क्षेत्र से 10,000 डिजिटल योद्धाओं को जोडक़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार की एनडीए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी-मोदी’ और ‘रफ्तार पकड़ चुका है बिहार’ के नारों के साथ उत्साह का माहौल बनाया।

मुहिम जन-जागरण का सशक्त डिजिटल माध्यम

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह अभियान न केवल चुनावी रणनीति है, बल्कि जन-जागरण का एक सशक्त डिजिटल माध्यम है। उन्होंने कांग्रेस-राजद शासन की याद दिलाते हुए कहा, एक समय था जब बिहार में उद्योग-धंधे ठप थे, युवाओं को पलायन करना पड़ता था और कानून व्यवस्था चरमरा गई थी। आज एनडीए सरकार ने बिहार को विकास के रास्ते पर ला खड़ा किया है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, एनडीए सरकार ने सडक़, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। गाँव-गाँव तक सडक़ें बनीं, हर घर में बिजली पहुँची और अब ‘मोदी मित्र’ जैसे अभियान लोकतंत्र को और मजबूत करेंगे। उन्होंने इस अभियान को युवा शक्ति को जोडऩे और हर मतदाता तक सटीक जानकारी पहुँचाने का सबसे बड़ा माध्यम बताया।
भाजपा के संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया ने कहा कि यह अभियान सामाजिक परिवर्तन का एक बड़ा आंदोलन है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा जनता की आकांक्षाओं को समझती है और उनके लिए काम करती है।

अभियान की तकनीकी रूपरेखा

आईटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने अभियान की तकनीकी रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र से 10,000 मोदी मित्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मिस्ड कॉल नंबर 9582157157 जारी करते हुए उन्होंने कहा कि इस नंबर पर कॉल करके कोई भी व्यक्ति मोदी मित्र बन सकता है। साथ ही, अभियान से जुड़े लोगों को डिजिटल ट्रेनिंग, कंटेंट और कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर दी जाएगी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद संजय जायसवाल ने बिहार के डेढ़ दशक के विकास की कहानी को रेखांकित करते हुए कहा, जो लोग जंगलराज चलाते थे, उन्हें अब विकास की बात करने का हक नहीं है। बिहार की जनता सब देख रही है और इस बार भी एनडीए पर भरोसा जताएगी।

एक घंटे में 10,000 से अधिक लोग अभियान से जुड़े

बिहार सोशल मीडिया और आईटी विभाग के संयोजक अनमोल शोभित ने बताया कि अभियान शुरू होने के महज एक घंटे में 10,000 से अधिक लोग मिस्ड कॉल नंबर के जरिए इससे जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान बिहार के विकास की गाथा को हर घर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, शिवानंद, दीपक महेश, हीरेन्द्र कौशिक, रोहित उपाध्याय, विकास कुशवाहा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बिहार के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल योद्धा उपस्थित रहे।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.