वैशाली: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, बिहार में मुख्यमंत्री के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनडीए का नेतृत्व कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार की अगुवाई में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच वाली सरकार एक मजबूत एनडीए की सरकार, जिसका नेतृत्व सीएम नीतीश कुमार करेंगे।
अमर्यादित भाषा से बचें
चिराग ने विपक्षी नेताओं की भाषा और रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा, विपक्ष पहले वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप लगाता है, फिर उसे ठीक करने पर भी सवाल उठाता है। ये चीट भी मेरी, पट भी मेरी वाली राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां, जैसे उनकी मां के बारे में की गई टिप्पणी, न केवल गलत है बल्कि पूरे समुदाय को ठेस पहुंचाती है। चिराग ने तंज कसते हुए कहा, राहुल आप सहमत हों या असहमत, लेकिन उम्र में बड़े लोगों का लिहाज तो रखिए। भारतीय संस्कार में हम छोटे बच्चों से भी ‘आप’ कहकर बात करते हैं।
भीड़ बताती है जनता का मूड
चिराग ने दावा किया कि बिहार की जनता ने अपना मन बना लिया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की सभाओं में उमड़ रही भीड़ और एनडीए की सभाओं में जनसैलाब इसका सबूत है। राहुल गांधी की सभाओं में लोगों को बुलाने की जरूरत पड़ती है, लेकिन हमारे लिए जनता खुद आती है। उन्होंने हाल के उपचुनावों में एनडीए के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि पांच दलों का गठबंधन बिहार में मजबूती से चुनाव लड़ेगा।
नीतीश कुमार ही रहेंगे मुख्यमंत्री
चिराग ने बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगा दिया। उन्होंने साफ कहा, बिहार में मुख्यमंत्री की वैकेंसी खाली नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए विधानसभा चुनाव लड़ेगा। चिराग का यह बयान उन अफवाहों पर विराम लगा दिया है जो नीतीश कुमार की जगह किसी अन्य को मुख्यमंत्री बनने की अटकलें लगा रही थी।
इसको भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव में पिक्चर अभी बाकी है दोस्त!
मुजफ्फरपुर में दिखा जनता का जोश
चिराग ने मुजफ्फरपुर में आयोजित सभा का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार बंद के बावजूद भारी संख्या में लोग वहां पहुंचे, जो जनता के समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने महागठबंधन को चेतावनी दी कि बिहार की जनता का मूड बदल चुका है और आगामी चुनाव में गठबंधन को कड़ी चुनौती मिलेगी।



